आगरालीक्स.. आगरा में सोशल मीडिया पर लॉक डाउन का बिजली बिल माफ करने को हंगामा मचा हुआ है, ऐलान 17 अगस्त को करेंगे जनसभा, कौन हैं बाल योगी
आगरा में लॉक डाउन की स्कूल फीस माफ करने के लिए आंदोलन और धरना प्रदर्शन चल रहा है। ऐसे में गरीब सेना के अध्यक्ष बाल योगी लॉक डाउन में टोरंट का बिजली का बिल माफ करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को एकजुट कर आंदोलन चला रहे हैं। बाल योगी ने अपनी फेसबुक पोस्ट पर वीडियो अपलोड करते हुए कहा कि बिजली का बिल जमा करने के लिए लोगों पर पैसे नहीं है, नौकरी चली गई, मजदूर परेशान हैं वे कैसे बिल जमा करें। बिल माफ कराने के लिए नियमों के तहत लडाई लडी है, हाईकोर्ट में याचिका दायर की लेकिन कोर्ट बंद है।
17 अगस्त को कोठी मीना बाजार पर जनसभा करने का ऐलान
बाल योगी ने बिजली बिल माफ कराने के लिए 17 अगस्त को कोठी मीना बाजार में जनसभा करने का ऐलान किया है, इसके लिए फेसबुक पर कई पोस्ट भी डाली हैं। कोरोना प्रोटोकॉल के चलते जनसभा करने पर रोक है, ऐसे में बाल योगी ने लोगों से अपील की है कि वे जनसभा में शामिल हों।
मुददे उठाकर बाल योगी ने बनाई पहचान
गरीब सेना के बाल योगी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मुददों को उठाकर लोगों के बीच में प्रचलित हैं, इससे पहले बाल योगी ने ई रिक्शा चालकों पर एमजी रोड पर पाबंदी लगाने पर आंदोलन चलाया था, इसे लेकर जुलूस भी निकाला था। देखते ही देखते पिछले दो साल में बाल योगी ने लोगों के बीच अपनी पैठ बना ली है, ई रिक्शा, आटो चालकों ने अपने वाहन पर गरीब सेना लिखवाना शुरू कर दिया, शहर में कई जगह पोस्टर बैनर पर भी बाल योगी के फोटो दिखाई दे जाएंगे।