आगरालीक्स… गोरखपुर में बच्चों की मौत पर बडी कार्रवाई, लखनऊ के हजरतगंज थाने में 3 एफआईआर दर्ज, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अनीता भटनागर जैन को हटा दिया गया है, उनकी जगह आईएएस रजनीश दुबे को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में 10 अगस्त को आॅक्सीजन की आपूर्ति ठप होने से 30 से अधिक बच्चों की मौत की रिपोर्ट सामने आई थी, इस मामले में प्रदेश सरकार ने जांच के लिए कमेटी गठित की थी। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ को सौंप दी. सूत्रों के अनुसार, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अनिता भटनागर जैन हटाई गईं. इनके स्थान पर आईएएस रजनीश दुबे को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
तीन मुकदमा दर्ज
गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मौतों के मामले में लखनऊ के हजरतगंज थाने में 3 एफआईआर दर्ज की गई हैं. इनमें पहली एफआईआर भ्रष्टाचार, दूसरी लापरवाही बरतने और तीसरी एफआईआर प्राइवेट प्रैक्टिस के खिलाफ दर्ज की गई है.
भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को नामजद किया गया है. वहीं एफआईआर में ऑक्सीजन सप्लायर पुष्पा सेल्स को भी नामजद किया गया है. इसके साथ ही डॉ. कफील के खिलाफ प्राइवेट प्रैक्टिस का मुकदमा किया गया है.