आगरालीक्स…(19 July 2021 Mathura News) इस बार मुडिया पूर्णिमा पर नहीं लगेगी गोवर्धन परिक्रमा. कल से 5 दिन तक लगने वाला मुडिया मेला निरस्त. गोवर्धन की सीमाएं सील
कोरोना संक्रमण को देखते हुए मथुरा जिला प्रशासन ने आखिरकार इस बार मुडिया पूर्णिमा मेले को निरस्त कर दिया है. इसके साथ ही श्रद्धालु इस बार मुडिया पूर्णिमा पर परिक्रमा नहीं लगा सकेंगे. मथुरा प्रशासन द्वारा रविवार से ही गोवर्धन से लगने वाली सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और बैरियर लगा दिए गए हैं.
मंदिरों के गेट पर दर्शन बंद के बोर्ड
इधर प्रशासन द्वारा मंदिरों के मुख्य गेट पर भी दर्शन बंद के बोर्ड लगा दिए गए हैं. मंदिरों के पट केवल भगवान के राजभोग व पूजा के लिए ही खोले जाएंगे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 24 जुलाई को मुड़िया संत ही मुड़िया शोभायात्रा निकालेंगे. इधर परिक्रमा मार्ग से जुड़े लिंक मार्गों पर भी बैरिकेडिंग की गई है. साथ ही गोवर्धन को लगने वाली सभी 26 सीमाओं पर भी पहरा लगा दिया गया है. सोमवार से चार पहिया वाहनों के प्रवेश व बाहरी श्रद्धालुओं के आवागमन पर प्रतिबंध शुरू कर दिया गया है. परिक्रमा मार्ग में 12 मजिस्ट्रेट और तीन डिप्टी कलेक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है.