आगरालीक्स…(19 July 2021 Agra News) आगरा में एक दिन की बारिश ने 10 डिग्री तक कम कर दी गर्मी. आज रात और कल भारी बारिश. जुलाई के इन दिनों में मौसम रहेगा सुहाना.
28.4 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
आगरा में रविवार शाम हुई झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा कर दिया है. कई दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए रविवार बारिश का उपहार लेकर आया. बारिश में नहाकर लोगों ने मौसम का मजा लिया. लोगों के चेहरे बारिश को देखकर ही खिल उठे. रविवार को हुई बारिश का असर सोमवार को भी देखा गया. सुबह से हो रही रिमझिम बरसात ने लोगों को आनंदित कर दिया. हाल ये रहा कि रविवार दोपहर को आगरा का अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक था जो कि सोमवार को दस डिग्री तक नीचे आ गिरा. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान यानी रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26.6 दर्ज किया गया. दिन और रात के तापमान में केवल दो डिग्री का ही अंतर रहा.
बारिश का सिलसिला जारी रहेगा
इधर मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में बारिश का यह सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा. सोमवार रात और मंगलवार को भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है. इसके अलावा जुलाई के आगामी सप्ताह तक बारिश होती रहेगी. बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी जो कि काफी समय से लोग झेल रहे थे.
मौसम का उठाया लुत्फ
इधर मौसम खुशनुमा होने से लोगों ने इसका जमकर लुत्फ उठाया. सबसे ज्यादा भीड़ ताजमहल पर देखी गई. लोगों ने सोमवार को ताजमहल का दीदार किया. सुबह से ही पर्यटकों की अच्छी खासी संख्या ताज देखने पहुंची.