नई दिल्लीलीक्स…देश भर में अब कोविड टीकाकरण की जिम्मेदारी भारत सरकार की. पीएम मोदी बोले—दीपावली तक 80 करोड़ से अधिक देशवासियों को हर महीने मुफ्त अनाज….
सोमवार दोपहर को अचानक ट्वीट पर मैसेज आता है—पीएम मोदी शाम पांच बजे देश को संबोधित करेंगे. लोगों में हलचल शुरू हो जाती है. चर्चाएं चलने लगती हैं कि आखिर पीएम मोदी शाम 5 बजे क्या निर्णय लेने वाले हैं. खैर, शाम को पांच बजते हैं और पीएम मोदी आते हैं लाइव. अब जानते हैं कि इस लाइव में पीएम मोदी ने क्या—क्या बात कहीं
पीएम मोदी ने कोरोना महामारी को बीते सौ साल में आई सबसे बड़ी महामारी करार दिया है. उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर से हम सबकी लड़ाई जारी है. कई लोगों ने अपने परिजनों, परिचितों को खोया है. ऐसे लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी महामारी आधुनिक विश्व ने न पहले देखी थी और न कभी अनुभव की थी. पीएम मोदी ने एक जो सबसे बड़ा अहम निर्णय अपने भाषण में कहा वह था देशभर में अब कोविड वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी भारत सरकार की है. उन्होंने कहा कि राज्यों के पास जो वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी थी, वह भी अब भारत सरकार उठाएगी. उन्होंने कहा कि ये व्यवस्था अगले दो सप्ताह में लागू कर दी जाएगी. इन दो सप्ताह में केंद्र राज्यों के साथ मिलकर नई गाइडलाइंस की आवश्यक तैयारी कर लेंगे. उन्होंने कहा कि विश्व योग दिवस यानी 24 जून से देश के हर राज्य में 18 साल से उम्र के अधिक सभी लोगों के लिए भारत सरकार राज्यों को फ्री में वैक्सीन उपलब्ध कराएगी. देश की किसी भी राज्य सरकार को वैक्सीन खरीदने के लिए खुद भी खर्च नहीं करना होगा.
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने एक और बड़ा फैसला लिया. उन्होंने कहा कि नवंबर यानी दीपावली तक 80 करोड़ से अधिक भारतवासियों को हर महीने तय मात्रा में मुफ्त में अनाज दिया जाएगा. उनका कहना है कि ये व्यवस्था प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत किया जाएगा.