आगरालीक्स…भागवत कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर को मिली जान से मारने की धमकी. धमकी देने वाले ने अपशब्द कहे और परिणाम भुगतने की दी चेतावनी…जानें पूरा मामला
वृंदावन के भागवत कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है. फोन दुबई के नंबर से आया है. फोन करने वाले ने उनके खिलाफ अपशब्द कहे और परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है. इस मामले में देवकीनंदन ठाकुर के भाई और विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव विजय शर्मा ने थाना जैंत में तहरीर दी है. देवकीनंदन ठाकुर इस समय महाराष्ट्र के अमरावती में हैं.

ये है पूरा मामला
विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव विजय शर्मा ने बताया कि 18 अप्रैल को दुबई के एक नंबर से अज्ञात व्यक्ति का कॉल संस्था के फोन नंबर पर आया. कॉल करने वाले ने देवकीनंदन ठाकुर के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हिंदुत्व का प्रचार और हैदराबाद के सांसद अकबरूदीन ओवैसी का विरोध करने पर जान से मारने की चेतावनी दी. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी देवकीनंदन ठाकुर को प्रियाकान्तजू मंदिर पर धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं, जिनमें हिंदुत्व एवं सनात धर्म का प्रचार करने पर जान से मारने की धमकी भी लिखी थी. उन्होंने कहा कि वर्तमान माहौल को देखते हुए धमकी से संस्था सदस्यों एवं शुभचिंतकों में चिंता है.