आगरालीक्स…शादी में दूल्हे के भाई ने मांगी सब्जी. परोसने वालों ने कर दी इतनी पिटाई—अस्पताल पहुंच गया दूल्हे का भाई
आगरा से फिरोजाबाद गई एक बारात में दूल्हे के भाई को खाना परोसने वालों ने जमकर पीट डाला. सब्जी मांगने को लेकर दूल्हे के भाई का विवाद हुआ था जिसके बाद ये किया गया. शादी में पुलिस भी पहुंच गई. दूल्हे के भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस में आरोपी तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है. सभी आरोपी फरार हैं.
मामले के अनुसार आगरा से एक बारात फिरोजाबाद के मूला सिंह चौराहा स्थित एक धर्मशाला में गई थी. यहां शादी का आयोजन धूमधाम से चल रहा था. बारातियों का स्वागत किया गया और उन्हें खाने के लिए बिठाया गया, लेकिन शादी में मामला तब बिगड़ गया जब दूल्हे भाई आगरा के थाना सदर के गांव नगला विधि में रहने वाले सूरज पुत्र नारायण सिंह की सब्जी को लेकर परोसने वालों से कुछ विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि परोसने वाले तीन युवकों ने सूरज की बुरी तरह से पिटाई कर डाली.
शादी समारोह में हुई मारपीट से अफरातफरी मच गई. खाना खा रहे अन्य बाराती भी वहां से उठ गए. दूल्हे के भाई को पीटने वालों के नाम शेर सिंह, भूरा और सतीश बताए गए हैं. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने पिटाई से घायल सूरज को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है. आरोपी तीनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है. फिलहाल तीनों युवक फरार हैं. पुलिस इनकी तलाश कर रही है.