आगरालीक्स… कुछ ही देर में डेरा सच्चा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दो साध्वियों से रेप के मामले में सजा सुनाई जाएगी, कितनी सजा हो सकती है, आगरा कॉलेज के लॉ फैकल्टी के विशेषज्ञ क्या कहते हैं।
डेरा सच्चा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 25 अगस्त को सीबीआइ की विशेष अदालत ने दोषी करार दिया था लेकिन सजा नहीं सुनाई थी, सजा सुनाने के लिए सोमवार को दोपहर 230 बजे रोहतक की सुनारिया जेल में विशेष कोर्ट लगाई जाएगी।
इस मामले में गुरमीत राम रहीम पर 376, 506 पार्ट टू और 509 की धाराएं लगी हैं, आगरा कॉलेज की लॉ फैकल्टी में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ गौरव कौशिक का कहना है कि इस मामले में गुरमीत राम रहीम को सजा में दया मिलना मुश्किल है क्योंकि इस केस में गवाहों को धमकाने से लेकर हत्या भी हुई है यह मामला 2002 का है, ऐसे में सजा का प्रावधान घटना के समय से होगा, उस समय 376 में सात से 10 साल की सजा का प्रावधान था। इसे देखते हुए गुरमीत राम रहीम को न्यूनतम सात साल और अधिकतम उम्र कैद की सजा हो सकती है।
376 सात से 10 साल की सजा का प्रावधान
506 पार्ट टू सात साल
509 एकांत में लज्जा भंग करना, इसमें भी सात साल की सजा का प्रावधान है।
यह मामला साध्वियों से जुडा हुआ है, इन्हें धोखे में लेकर यह क्रत्य किया गया, इसलिए सजा देते समय इन पहलुओं को भी देखा जाएगा, इसके साथ ही गुरमीत राम रहीम को दोषी कराए दिए जाने के बाद हिंसा भी भडकी है, इसे भी ध्यान में रखा जाएगा।
हाईकोर्ट में करनी होगी अपील
इस मामले में न्यूनतम सात साल की सजा होने पर भी गुरमीत राम रहीम सिंह जेल से बाहर नहीं आ सकेंगे, उन्हें हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर करनी होगी।
सुनारिया जेल में विशेष कोर्ट
यह पहली बार होगा जब हरियाणा के किसी जेल परिसर में अदालत लगाकर सजा सुनाई जाएगी। सुबह से ही पूरा रोहतक और सिरसा सेना की निगरानी में है। मोर्चा संभाले जवानों को संदिग्ध गतिविधि पर असामाजिक तत्वों को गोली मारने के निर्देश दिए गए हैं। सीबीआइ के वकील सुनारिया जेल पहुंच चुके हैं। जज भी मामले की कार्यवाही के लिए पंचकूला से हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए हैं। उन्हें सरकार ने जेड प्लस सिक्योरिटी दी है।