आगरालीक्स…विश्व कप फाइनल में शैफाली वर्मा का अर्धशतक. स्मृति 45 रन बनाकर हुई आउट. 20 ओवर में 1 विकेट खोकर 114 रन
भारतीय क्रिकेट टीम के लिए आज का दिन काफी अहम है. एक मैच में साउथ अफ्रीका ए और भारत ए के बीच हुए टेस्ट मैच में भारत ए ने तीन विकेट से साउथ अफ्रीका ए को हरा दिया तो वहीं होबार्ट में खेले गए तीसरे टी 20 में भारतीय क्रिकेट टीम ने आस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 1—1 से बराबरी कर ली है. लेकिन जिस मैच का इंतजार आज पूरे देश को है वो है भारतीय महिला क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के बीच मुंबई में खेले जा रहे विश्व कप फाइनल मुकाबला.
होबार्ट में जीती टीम इंडिया
आस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने तीसरे टी 20 मैच में आस्ट्रेलिया को पांच विकेटसे हरा दिया है. आस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टिम डेविड और मार्कस स्टॉयनिस की तूफानी पारी की बदौलत 186 रन का स्कोर बनाया. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए. वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की और पावरप्ले में ही टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 60 के पार पहुंच गया था. अभिषेक शर्मा, सूर्य कुमार यादव, तिलक वर्मा की शानदार पारी के बाद वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 49 रन की तूफानी पारी खेली और 18.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
विश्व कप फाइनल में भारत की पहले बल्लेबाजी
महिला विश्व कप के फाइनल मैच में अफ्रीका टीम ने टॉस जीतकर भारतीय क्रिकेट टीम को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया. बारिश के कारण मैच डेढ़ घंटा देरी से शुरू हुआ है. फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है जिसके कारण ओवरों में कोई कटौती नहीं की गई है. समाचार लिखे जाने तक भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 20 ओवर में एक विकेट खोकर 114 रन बना लिए हैं. शैफाली वर्मा अर्धशतक बनाकर खेल रही हैं जबकि स्मृति मंधाना 45 रन बनाकर आउट हो गई हैं. जेमीमा 3 रन पर नाबाद हैं. सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम के विश्व कप विजेता बनने के लिए देशभर में दुआएं की जा रही हैं.