आगरालीक्स ….आगरा में पोस्ट कोविड फ्रैंच भाषा की पहली इंटरनेशनल कांफ्रेंस, फ्रैन्च भाषा विश्व के 50 से अधिक देशों की कार्यकारी भाषा है, विश्व के लगभग 150 देशों में फ्रैंच जानने वाले रहते हैं।
त्रिदिवसीय अन्तरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन विदेशी भाषा विभाग, कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिन्दी तथा भाषाविज्ञान विद्यापीठ, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा, एसोसिएशन ऑफ इन्डियन टीचर्स ऑफ फ्रैन्च इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर क्यूबेक स्टडीज और सेंटर ऑफ इंटरयूनिवर्सिटी अनुसंधान ऑन क्यूबेक साहित्य एवं संस्कृति के संयुक्त तत्वावधान में 25 से 27 अगस्त, 2022 के मध्य जुबली हॉल एवं के.एम.आई. प्रांगण में किया जा रहा है।

यह संगोष्ठी फ्रैन्च भाषा में आयोजित होने वाली भारत में पोस्ट कोविड फ्रैन्च भाषा की पहली अन्तर्राष्ट्रीय संगोष्ठी है तथा विदित हो कि उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय के अन्तर्गत होने जा रही फ्रैन्च भाषा की पहली संगोष्ठी है।
यह संगोष्ठी फ्रैंकोफोनिक साहित्य (फ्रैन्च भाषी देश) के प्रबंधन, विज्ञान, मानविकी आदि में प्रशिक्षण की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करेगी। इस संगोष्ठी के अन्तर्गत इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर क्यूबेक स्टडीज की 25वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी।
संगोष्ठी में विभिन्न विषयों पर जिनमें फ्रैंकोफोनिक साहित्य, क्यूबिक अध्ययन, साहित्य और राष्ट्रवाद, तुलनात्मक साहित्य, अनुवाद और स्वागत अध्ययन, एक विदेशी भाषा के रूप में फ्रैन्च के स्वरूप का अध्ययन तथा भारतीय परिप्रेक्ष्य में फ्रैंकोफोन साहित्य इत्यादि विषयों पर छात्र अपने अनुसंधान पत्र प्रस्तुत करेंगे।
छात्रों को मिलेगा लाभ
संगोष्ठी के माध्यम से संस्थान के छात्रों को एक वैश्विक मंच प्राप्त होगा एवं अगर वैश्विक सन्दर्भ में देखा जाए तो फ्रैन्च भाषा विश्व के 50 से अधिक देशों की कार्यकारी भाषा है एवं इस भाषा के जानकार विश्व के लगभग 150 देशों में निवास कर रहे हैं।
इस भाषा के अन्तर्गत आने वाले पाठ्यक्रमों को करने के बाद छात्रों का बौद्धिक स्तर एवं उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सकेगा तथा रोजगार की दृष्टि से भी ये पाठ्यक्रम बहुत उपयोगी हैं।