
उधर, एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी का शुक्रवार को मथुरा में अंतिम संस्कार कर दिया गया, उनके बेटे ने मुखाग्नि दी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मथुरा में शहीद हुए पुलिस इंस्पेक्टर संतोष यादव के परिवार ने मांग की है जबतक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नहीं आएंगे अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. राज्य सरकार की ओर से भेजे गए कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव ने परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन सभी मांग पर अड़े हैं.
इससे पहले शहीद संतोष का पार्थिव शरीर जौनपुर स्थित गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया. पत्नी, बेटे और बेटी के अलावा मॉं और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है. जिला पंचायत अध्यक्ष, आईजी, डीआईजी, डीएम और SP ने पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. हजारों की संख्या में आए लोगों के बीच फोर्स की तरफ से मातमी धुन बजाकर सलामी दी गई. वहीं शहीद संतोष यादव के बेटे निखिल और अन्य परिवार के सदस्यों ने सीएम अखिलेश यादव के आने के बाद ही अंतिम संस्कार करने की मांग की है. सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री पारस नाथ यादव ने उन्हें बहुत समझाने की कोशिश भी की. बाद में हार कर मानकर मंत्री भी देर रात 2 बजे के आसपास वापस चले गए साथ ही मुख्यमंत्री के आने के भी संकेत दिए.