आगरालीक्स…(13 November 2021 Agra News) आगरा में सबसे बड़े पंचकल्याणक महोत्सव के पंडाल को सजाएंगे जोधपुर के कारीगर. दो हजार श्रद्धालुओं के बैठने की होगी व्यवस्था. इस तारीख से शुरू हो रहा पंचकल्याणक महोत्सव….
16 से 21 नवम्बर तक होगा महोत्सव
श्री 1008 मज्जिनेन्द्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन 16 से 21 नवम्बर तक पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती मंदिर ओल्ड ईदगाह कालोनी में आयोजित किया जाएगा। यह अभी तक का सबसे बड़ा पंच कल्याणक महोत्सव होगा, जो सदी के महान परमपूज्य आचार्य विद्यासागर जी महाराज के आर्शीवाद से उनके परमशिष्य मुनिश्री वीर सागर जी, मुनिश्री विशाल सागर जी, मुनिश्री धवल सागर द्वारा सम्पन्न होगा। इस सम्बंध में महोत्सव स्थल पर आज महोत्सव की तैयारियों को लेकर तीनों मुनियों ने पत्रिका विमोचन किया।
दो हजार श्रद्धालुओं के बैठने की होगी व्यवस्था
आयोजन समिति सकल दिगम्बर जैन समाज के मुख्य संयोजक अमित जैन (रिंकू) व उपमुख्य संयोजक अनिल जैन कांटा, अमित जैन ने बताया कि जोधपुर के कारीगरों द्वारा महोत्सव का पंडाल तैयार किया जा रहा है। जिसमें लगभग 2000 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। सुबह धार्मिक कार्यक्रम व संध्या काल में आरती व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 16 नवम्बर को प्रातः 8 बजे घटयात्रा, ध्वजा रोहण, व धार्मिक क्रियाएं होंगी। 18 नवम्बर को जन्म कल्याणक की भव्य शोभायात्रा कार्यक्रम (गजरथ पर) स्थल से सुबह 9 बजे प्रारम्भ होगी। जहां बालक आदिकुमार को पांडुकशिला पर जन्माभिषेक होगा। महोत्सव में पांच कल्याणक की सभी क्रियाएं सम्पन्न की जाएंगी। भगवान के माता-पिता के स्वरूप में रिखव जैन व शारदा देवी होंगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राजकुमार जैन, अभय कुमार, दिलीप जैन, संजय कुमार, राजकुमार मीटर वाले, राहुल, रविन्द्र, मंत्री अजीत, ऋतिक, प्रवीन जैन, अतुल, अशोक, मनोज आदि उपस्थित थे।
ये होंगी पंच कल्याणक क्रियाएं
16 नवम्बर को गर्भ कल्याणक (पूर्वाद्ध) प्रातः 7.30 बजे से।
17 नवम्बर को गर्भ कल्याणक (उत्तरार्द्ध) प्रातः 7 बजे से।
18 नवम्बर को जन्म कल्याणक, प्रातः 6 बजे से।
19 नवम्बर को तप कल्याणक, दोपहर 12 बजे से।
20 नवम्बर को केवलज्ञान कल्याणक, प्रातः 9 बजे से।
21 नवम्बर को मोक्ष कल्याणक।