आगरालीक्स…कल्पतरु ग्रुप आफ कंपनीज के मालिक जयकृष्ण राणा की कोरोना से मौत. 50 से अधिक मामलों में थे नामजद. पुलिस ने घोषित कर रखा था इनाम
शनिवार रात को हुई मौत
कल्पतरु ग्रुप आफ कंपनीज के मालिक जय कृष्ण राणा उर्फ जेके राणा की शनिवार रात को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई. कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें मथुरा के नयति अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां देर रात उनकी मौत हो गई. जेके राणा पर धोखाधड़ी के करीब 50 से अधिक मामले दर्ज थे. राणा अपनी चिट फंड कंपनी चलाता था जिसमें उन्होंने कई राज्यों के किसान और निवेशकों के करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की थी. उसका नेटवर्क यूपी के अलावा गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों तक फैला हुआ था. धोखाधड़ी के बड़े मामले सामने आने के बाद जय कृष्ण राणा भूमिगत हो गया था जिसके कारण पुलिस ने उस पर 15 हजार रुपये का इनाम और भगोड़ा भी घोषित कर रखा था.
सेबी ने 250 से अधिक कार्यालय बंद कराए थे
उसने कल्पतरु बिल्डटैक कंपनी का मुख्यालय थाना फरह क्षेत्र के गांव चुरामुरा पर खोला था. इसके अलावा उसने कल्पतरु एक्सप्रेस नाम से एक अखबार भी आगरा से पब्लिश किया था. वर्ष 2003 में राणा के खिलाफ सेबी ने राणा के 250 से अधिक कार्यालयों को बंद कराकर सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी जारी किए थे.