आगरालीक्स ….आगरा में बेशकीमती चार बीघा जमीन कब्जाने के लिए फर्जी मुकदमा दर्ज करने पर एसओ और बिल्डर पर मुकदमे के बाद आबकारी निरीक्षक निलंबित। जांच के दौरान आडियो भी मिला।
आगरा में बोदला रोड पर बेनारा फैक्ट्री के पास चार बीघा जमीन को कब्जाने के लिए केयरटेकर रवि कुशवाह और उसके भाई पर दो मुकदमे दर्ज किए गए थे, इसमें आबकारी विभाग की टीम को साथ लेकर छापा मारा गया था और रवि कुशवाह के पास से शराब की बोतलों के ढक्कन बरामद किए गए थे। एसआईटी की जांच में फर्जी मुकदमे सामने आने के बाद आबकारी विभाग की टीम की जांच कराई गई। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से जांच कराई, प्रारंभिक जांच में आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह हयांकी को दोषी माना, इसकी रिपोर्ट आबकारी आयुक्त डॉ. सेंथिल पांडियन सी को सौंपी गई, उन्होंने आवास विकास सेक्टर चार के आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह को निलंबित कर दिया है।
आडियो भी सौंपा गया
इस मामले की जांच के दौरान अधिकारियों को एक आडियो भी दिया गया है, जिसमें जगदीशपुरा चौकी इंचार्ज अनुज कुमार कह रहे हैं कि जल्दी आ जाओ भारी मात्रा में शराब मिल जाएगी।