नईदिल्लीलीक्स(19th September 2021)…केदारनाथ दर्शन के लिए लंबी वेटिंग. बद्रीनाथ में भी एडवांस बुकिंग फुल.
शनिवार को जारी किए दस हजार ई पास
चार धाम यात्रा शुरू होने के एक दिन बाद ही केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए एडवांस बुकिंग फुल हो गई है। अभी 12 दिन की वेटिंग चल रही है। केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए शनिवार को दस हजार ई—पास जारी किए गए। उत्तराखंड हाईकोर्ट की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार केदारनाथ धाम में प्रतिदिन 800 श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी। इस लिहाज से अगले 12 दिन तक एडवांस बुकिंग हो गई है।

केदारनाथ के प्रति दिखा उत्साह
बता दें कि कल ही उत्तराखंड हाईकोर्ट ने चार माह बाद यात्रा शुरू करने की इजाजत दे दी थी। पहले दिन से ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह दिखा। पहले दिन बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के 700 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। चारों धामों में सर्वाधिक आकर्षण भगवान केदारनाथ के दर्शन को लेकर दिखा। बद्रीनाथ में भी दर्शनों के लिए पांच दिन की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।