आगरालीक्स…. आगरा में पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर दिनदहाडे बदमाशों ने पोस्ट ऑफिस में धावा बोल दिया, वे लूटपाट करते रहे लेकिन सरकारी कैश बच गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे चौकी से सौ मीटर दूर बिचपुरी पोस्ट ऑफिस में पोस्टमास्टर शिव दयाल पाराशर, क्लर्क हीरा सिंह, पोस्टमैन मांगेलाल, अजीत सिंह और महिला कर्मचारी उर्मिला देवी मौजूद थे। शिवदयाल ने बताया कि सात-आठ युवक दनदनाते हुए अंदर आ गए। आते ही उनके ऊपर हथियार तान दिए। कंप्यूटर के तार खींच दिए। मेज पलट दी। कर्मचारियों के मोबाइल छीनकर तोड़ दिए। दो मोबाइल सरकारी थे। उन्हें भी तोड़ दिया। जेब में रखे पैसे निकाल लिए। विरोध करने पर कर्मचारियों से मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों को घसीटकर एक कमरे में बंद कर दिया। डाकखाने का सरकारी कैश उसी कमरे में रखा था। संयोग से उस पर बदमाशों की नजर नहीं पड़ी। इसी बीच सड़क से कोई पुलिस की गाड़ी गुजरी। उसका सायरन सुनकर बदमाश भाग खड़े हुए। डाक कर्मचारियों के अनुसार बदमाश करीब दस हजार रुपये लूटकर ले गए हैं। सरकारी कैश तिजोरी में रखा था। बदमाश उसके पास तक नहीं आए। वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी डाक विभाग उमराव सिंह व इंस्पेक्टर एसके वर्मा मौके पर आ गए थे। सूचना पर थाना पुलिस भी आ गई। पीड़ित कर्मचारियों को थाने लाया गया। उनके बयान दर्ज किए गए। थाना पुलिस घटना को लूट की नहीं मान रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर लूट के प्रयास की दी गई है।