आगरालीक्स...हनुमान अंश के बाद अब वृंदावन से गहरा नाता रखने वाले देवराहा बाबा पर बन रही फिल्म ‘मचान बाबा’…बड़े पर्दे पर अगले साल होगी रिलीज..
ब्रजभूमि और यमुना किनारे से गहरा जुड़ाव रखने वाले सिद्ध संत देवराहा बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘मचान बाबा’ बनने जा रही है. फिल्म का टाइटल पोस्टर जारी कर दिया दिया है और इसे 2027 में रिलीज करने की योजना है. देवराहा बाबा के जीवन में वृंदावन का विशेष महत्व रहा. उनके जीवन के अंतिम वर्षों का बड़ा हिस्सा यहीं बीता और वृंदावन में उनके दर्शन के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु तथा कई प्रमुख हस्तियां पहुंचती थीं. बाबा का मचान और यमुना तट से जुड़ा उनका जीवन आज भी ब्रज क्षेत्र की स्मृतियों का हिस्सा है. फिल्म की टीम वृंदावन और मथुरा से जुड़े उनके प्रसंगों पर भी विस्तार से रिसर्च कर रही है।
यमुना किनारे का मचान बना पहचान
देवराहा बाबा की सबसे विशिष्ट पहचान जमीन से कई फीट ऊपर बना उनका मचान था. वह वहीं बैठकर श्रद्धालुओं से मिलते और उन्हें आशीर्वाद देते थे. उनकी वास्तविक उम्र को लेकर भी अलग-अलग दावे और जनश्रुतियां रही हैं, जिसके कारण उनका जीवन आज तक रहस्य और जिज्ञासा का विषय बना हुआ है. उनसे मिलने वालों में आम श्रद्धालुओं के साथ देश की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के कई बड़े नाम भी शामिल रहे. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से उनकी मुलाकातों के प्रसंग विभिन्न संस्मरणों और उपलब्ध विवरणों में मिलते हैं. 1989 में राम मंदिर शिलान्यास से पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की वृंदावन में देवराहा बाबा से मुलाकात का जिक्र भी विभिन्न विवरणों में आता है. फिल्म की रिसर्च टीम इस तरह के ऐतिहासिक प्रसंगों से जुड़े स्रोतों को भी खंगाल रही है.
‘हनुमान अंश’ के बाद एक और संत की कहानी
‘मचान बाबा’ की घोषणा ऐसे समय हुई है जब नीब करौरी बाबा से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद संतों और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा पर आधारित फिल्मों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है.
नीब करौरी बाबा और देवराहा बाबा लगभग एक ही दौर में सक्रिय रहे. फिल्म की रिसर्च में सामने आए भक्त-संस्मरणों और मौखिक विवरणों में दोनों संतों की मुलाकातों का भी उल्लेख मिलता है. इन विवरणों के मुताबिक नीब करौरी बाबा, देवराहा बाबा का विशेष सम्मान करते थे.
ब्रिटेन और अमेरिका के कारोबारी कर रहे निर्माण
फिल्म को ब्रिटेन में स्थापित भारतीय मूल की कारोबारी पूनम गुप्ता OBE और अमेरिका में रहने वाले उद्यमी विकल्प पालीवाल प्रोड्यूस कर रहे हैं. पूनम गुप्ता ब्रिटेन के कारोबारी जगत में ‘Paper Queen’ के नाम से जानी जाती हैं. वहीं दूसरे निर्माता विकल्प पालीवाल मूल रूप से लखनऊ से हैं और वर्तमान में ऑस्टिन, टेक्सास में आईटी तथा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं. पूनम गुप्ता कहती हैं, “देवराहा बाबा के जीवन में वृंदावन का विशेष स्थान रहा है. यहां से जुड़ी उनकी स्मृतियां, लोगों के अनुभव और यमुना किनारे का उनका जीवन फिल्म की रिसर्च के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. हमारी कोशिश है कि उनकी कहानी पूरी श्रद्धा और गंभीरता के साथ बड़े पर्दे पर आए.”
दूसरे निर्माता विकल्प पालीवाल कहते हैं, “ब्रज की आध्यात्मिक विरासत दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करती है. ‘मचान बाबा’ भी ऐसी भारतीय कहानी है जिसकी जड़ें बहुत गहरी हैं, लेकिन जिसकी जिज्ञासा और मानवीय भाव दुनिया के किसी भी दर्शक से जुड़ सकते हैं.”
फिल्म ओजस फिल्म्स के बैनर तले बन रही है. ओजस फिल्म्स, सॉफ्टवेयर और एआई कंपनी ओजस सॉफ्टेक की फिल्म की कंटेंट इकाई है. ओजस सॉफ्टेक के संस्थापक पुनीत पांडे मूल रूप से आगरा के कमला नगर के रहने वाले हैं और उन्हें डा.बी आर अंबेडकर यूनिवर्सिटी से ही एमसीएम का कोर्स किया था। पुनीत कहते हैं, “हमने बचपन में दादी से देवराहा बाबा की कई कहानियां सुनी हैं। वो वृंदावन में उनके आश्रम में अकसर जाती थी। तो जब इस फिल्म के निर्माण की बात हुई तो मुझे लगा कि इस फिल्म से जुड़ना ही चाहिए। ” फिल्म फिलहाल रिसर्च और प्री-प्रोडक्शन के चरण में है. वृंदावन, मथुरा और ब्रज क्षेत्र से जुड़े देवराहा बाबा के प्रसंगों, पुरानी तस्वीरों, दस्तावेजों और उनसे जुड़े लोगों की स्मृतियों पर भी काम किया जा रहा है। मेकर्स का कहना है कि ‘मचान बाबा’ केवल चमत्कारों की कहानी नहीं होगी, बल्कि इसमें देवराहा बाबा के जीवन से जुड़े आस्था, इतिहास, राजनीति और रहस्य की कई परतों को सामने लाया जाएगा. ‘मचान बाबा’ को 2027 में रिलीज करने की योजना है.