आगरालीक्स… आगरा में जमीन में गड़ा खजाने के लिए युवक को उसके चचेर भाई की अपने साथियों के साथ हत्या कर दी। इस मामले में तांत्रिक सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
आगरा के गांव डाबली निवासी रूप सिंह ( 48) का 24 नवंबर को खेत में भरे पानी में शव मिला था। रूप सिंह के भाई सुखदेव ने बताया कि रूप सिंह की दो बेटी हैं, उनकी सगाई कर दी थी। रिश्ता कराने वाला बिचौलिया 24 नवंबर को सुबह करीब छह बजे घर आया और उसे खेतों की तरफ ले गया था। खेत में शव मिलने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया।
फोन चेक करने पर खुला मामला
शव का अंतिम संस्कार करने के बाद शनिवार को परिवारीजनों ने उसका फोन चेक किया।
फोन की रिकॉर्डिंग में रूप सिंह और बिचौलिया के बीच में गड़ा हुआ धन प्राप्त करने के लिए तंत्र क्रिया करने के बारे में बातचीत रिकार्ड थी। इस पर परिवारीजनों ने रूप सिंह के कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें तंत्र विद्या लिखी एक पर्ची बरामद हुई।
कोठरी में की हवन क्रियाएं
घटना के दूसरे दिन से ही बिचौलिया और रूप सिंह के चचेरे भाई फरार हैं। इनके साथ धौलपुर निवासी तांत्रिक भी था। इन लोगों ने रात भर गांव से दूर एक कोठरी में हवन आदि क्रियाएं की थीं। मौके पर फूलों की माला, अगरबत्ती का खाली पैकेट, कपूर आदि सामान मिला है।
मलपुरा थाना के प्रभारी रमेश भारद्वाज का कहना है कि तंत्र विद्या के चलते बलि देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।