आगरालीक्स(20th August 2021 Agra News)… आगरा में रविवार को बाजार खोले जाएंगे। साप्ताहिक बंदी समाप्त। व्यापारियों में खुशी की लहर।
कोरोना प्रोटोकॉल के तहत खोले जाएं बाजार
आगरा समेत पूरे यूपी में रविवार को बाजार खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसके निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाजार खोलने के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं। बता दें कि आगरा समेत यूपी के कई शहरों में कोरोना मरीजों की संख्या में काफी कमी आई है। आगरा में गुरुवार को कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला था। इससे पहले भी यही आलम था। सीएम ने निर्देश दिए हैं कि देखा जाए कि एक जगह कहीं भीड़ न जुटे। कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाए। मास्क आदि की चेकिंग की जाए।
व्यापारियों ने लिखा था पत्र
रक्षाबंधन रविवार को है। इस दिन की साप्ताहिक बंदी खोलने की मांग व्यापारियेां ने की थी। उन्होंने कहा था कि इस दिन बाजार खोलने की विशेष अनुमति दी जाए। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री को गुरुवार को पत्र भी लिखा था। इसमें अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा था कि रक्षाबंधन पर सर्वाधिक मिठाइयों और राखियों का कारोबार होता है। इस दिन की प्रतीक्षा व्यापारी के साथ ही भाई और बहन साल भर करते हैं। ऐसे में रविवार को मिठाई और राखियों की दुकान खोलने की विशेष अनुमति दी जाए।
खत्म हुई साप्ताहिक बंदी की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने प्रदेशव्यापी साप्ताहिक बंदी खत्म करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि अब पूर्व की बंदी ही लागू की जाए। अब जिस बाजार में जहां पहले जिस दिन साप्ताहिक अवकाश रहता था, अब वही रहेगा।
शासनादेश का इंतजार
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को बाजार खोलने के आदेश हुए हैं। हालांकि अभी शासनादेश का इंतजार है। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।