मथुरालीक्स…(9 September 2021 Mathura News) मथुरा में विवाहिता की सिर व सीने में गोली मारकर हत्या. सनसनीखेज वारदात के बाद मौके पर पुलिस. हत्या की वजह तलाश रही…
थाना फरह के जमालपुर की घटना
मथुरा के थाना फरह क्षेत्र स्थित जमालपुर में एक विवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. महिला के सिर व सीने में गोली मारी गई है. उसका शव खेत में पड़ा मिला. हत्या की जानकारी होते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई. महिला की शिनाख्त हो चुकी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर किए जाने की संभावना है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने घटनास्थल पर पहुंच मौका मुआयना किया.
बहन के यहां आई थी दवा लेने
मृतक महिला की शिनाख्त 30 वर्षीय नीरज पत्नी धीरज निवासी सासनी अलीगढ़ के रूप में की गई है. महिला का मायका सुरीर में है जबकि जमालपुर में उसकी बड़ी बहन मीना पत्नीप्रहलाद रहती है. नीरज अपनी बहन मीना के यहां आई हुई थी. उसके कान में दर्द हो रहा था और यहां पर एक डॉक्टर से उसका इलाज चल रहा था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार की शाम को एक महिला अपने खेत से चारा लेने के लिए गई थी. जब वह खेत पर पहुंची तो खेत पर नीरज का शव रक्तरंजित पड़ा हुआ था. वह चीखती हुई वहां से गांव पहुंची और लोगों को इसकी जानकारी दी. सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई.
पुलिस मौके पर
हत्या की वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. मृतक विवाहिता के सिर व सीने में गोली मारी गई थी. एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी, सीओ रिफाइनरी अभिषेक तिवारी, इंस्पेक्टर अवधेश प्रताप पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए. पुलिस ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच की. प्रथम दृष्टयता पुलिस महिला की हत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़ कर देख रही है. एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि जांच की जा रही है, हत्यारे शीघ्र पुलिस की गिरफ्त में होंगे.