मथुरालीक्स…ट्रेनों के अंदर जबरन यात्रियों से वसूली करने और परेशान करने वाले 97 किन्नरों को पकड़कर की गई कार्रवाई. एक मई से 22 जून तक चला अभियान
आरपीएफ मथुरा जंक्शन द्वारा ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन परिसर में जबरन वसूली कर यात्रियों को परेशान करने तथा न्यूसेंस फैलाने वाले किन्नरों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 मई 2026 से 22 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ट्रेनों में यात्रियों से जबरन धनराशि वसूलने, अभद्र व्यवहार करने एवं न्यूसेंस उत्पन्न करने वाले कुल 97 किन्नरों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई करते हुए अभियोजित किया गया। इस साल अब तक 198 किन्नरों के खिलाफ कार्रवाईवहीं वर्ष 2026 में अब तक रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा चलाए गए विभिन्न विशेष अभियानों के दौरान ऐसे कुल 198 किन्नरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियोजन की कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की जबरन वसूली, यात्रियों को अनावश्यक रूप से परेशान करना, न्यूसेंस फैलाना अथवा अवैध गतिविधियों में संलिप्त होना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे। रेल यात्रियों से अपील की गई है कि यदि यात्रा के दौरान कोई व्यक्ति जबरन धनराशि की मांग करता है, अभद्र व्यवहार करता है अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम RPF/GRP अधिकारी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।