मथुरालीक्स…वृंदावन में फुटपाथ पर सो रहे परिवार को कार ने कुचला. 14 साल के लड़के की मौत, तीन घायल
आगरा मंडल के मथुरा जिले में हिट एंड रन का केस सामने आया है. वृंदावन के भक्ति वेदांत मार्ग पर फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार को कार ने कुचल दिया. कार चालक मौके से भाग निकला. हादसे में एक 14 साल के लड़के की मौत हो गई जबकि तीन अन्य बुरी तरह से घायल है जिन्हें आगरा रेफर किया गया है. पुलिस सीसीटीवी के आधार पर कार के बारे में पता कर रही है.
भरतपुर के सलीमपुर खुर्द में रहने वाले 30 वर्षीय कजोड़, 25 वर्षीय गुड़िया, 14 वर्षीय रवि और 10 साल का रोहित फिलहाल रुक्मिणी विहार गेट नंबर 2 केशवधाम के पास रह रहे थे. रविवार रात सभी सड़क किनारे सो रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और सोते हुए इन चारों को कुचल दिया और निकल गई. इससे मौके पर अफरातफरी मच गई. सूचना पर पुलिस आ गई और घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया. यहां डॉक्टरों ने 14 साल के रवि को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल तीन अन्य को एसएन आगरा के लिए रेफर किया गया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा हे. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से कार के बारे में जानकारी कर रही है. कार सफेद रंग की बताई गई है.