मथुरालीक्स…Mathura News: मथुरा में बाढ़ और बारिश के अलर्ट के बीच 48 घंटे के लिए स्कूल बंद, वृंदावन में परिक्रमा लगाने पर रोक। आगरा में पांच और छह सितंबर को बनेंगे बाढ़ के हालात। ( Mathura News: School’s closed on 3 & 4th September due to flood & Rain alert in Mathura#Mathura)
मथुरा में यमुना का जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में पानी भर गया है, जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में हथिनीकुंड, सहारनपुर से 3.29 लाख क्यूसिक पानी छोड़ा गया है, इसके मथुरा में पहुंचने के बाद यमुना के किनारे वाले क्षेत्रों में पानी भर जाएगा, इसके लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है इसी बीच बारिश से भी हालत बिगड़ने लगे हैं।
तीन और चार सितंबर को 12 वीं तक के स्कूल बंद
डीएम चंद्र प्रकाश ने हालात बिगड़ते देख कक्षा 12 वीं तक के सभी स्कूलों को तीन और चार सितंबर को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही बाढ़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है, यमुना के जलस्तर पर भी टीम नजर रख रही है।
वृंदावन परिक्रमा पर रोक
वहीं, यमुना में जलस्तर बढ़ने के साथ ही बारिश के कारण वृंदावन में परिक्रमा मार्ग में भी पानी भर गया है। इसके बाद परिक्रमा लगाने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, जिन क्षेत्रों में पानी भरने लगा है वहां से लोग पलायन कर रहे हैं।
आगरा में पांच और छह सितंबर को बाढ़ के हालात
अपर जलाधिकारी शुभांगी शुक्ला के अनुसार, हथिनीकुण्ड, सहारनपुर से दिनांक 01-09-2025 को सुबह 09:00 बजे यमुना नदी में 329313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है,अधिशासी अभियंता, लोअर खण्ड, नहर, सिंचाई विभाग, आगरा द्वारा अपने पत्र में बाढ़ पूर्व अनुमान की सूचना दी है। वर्तमान में यमुना नदी में जलस्तर 151.370 मीटर है। वर्तमान संकेतों के अनुसार वाटर वर्क्स पर यमुना नदी का जलस्तर 152.400 मीटर तक पांच और छह सितंबर तक पहुँचने की सम्भावना है। जिससे आगरा में यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
इन गांव और कालोनियों को खतरा
सदर तहसील में यमुना नदी के लो फ्लड पर प्रभावित होने वाले ग्राम तनौरा, नूरपुर, मेहरा नाहरगंज, विसारना, कैलाश, स्वामीबाग, फतेहाबाद, तहसील में ग्राम-भरापुर, बमरौली, ईदौन, मडयना, मेवलीकलां, गुडा, मेवली खुद, हिमायूपुर है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित होने वाले सम्भावित शहरी क्षेत्र नगला बूढी, अमर विहार, दयालबाग, मोतीमहल, कटरा वजीर खां, रामबाग बस्ती, अप्सरा टाकीज, यमुना किनारा रोड वेदान्त मन्दिर से फोर्ट तक है।