आगरालीक्स …Agra News: मां की ममता का कोई मोल नहीं होता है, सेंट मेरी चर्चा के वार्षिकोत्सव में छठवें दिन विशेष प्रार्थना सभा एवं मुख्य पूजा हुई। ( Agra News: 6th day of St Marry Church Pratappura annual Function#Agra )
सेंट मेरी चर्च, प्रतापपुरा में चल रहे वार्षिकोत्सव में छठवें दिन मंगलवार को विशेष प्रार्थना सभा एवं मुख्य पूजा का संचालन फादर लॉरेंस राजा ने किया। फादर लॉरेंस ने कहा कि मां मरियम अनेक नामों से जानी जाती हैं, क्योंकि वे प्रभु यीशु की जननी हैं। माँ की ममता का कोई मोल नहीं होता, वे निःस्वार्थ भाव से सबकी प्रार्थनाएँ स्वीकार करती हैं।
पूरी प्रार्थना सभा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। भजनों और स्तुति गीतों के सामूहिक गायन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण सहभागिता की। भक्ति, प्रार्थना और स्तुति के इस अद्भुत संगम ने वातावरण को और भी पवित्र एवं मंगलमय बना दिया।
फादर जोसेफ़ डाबरे, फादर जॉन एवं फादर अजय ने भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन करते हुए श्रद्धालुओं को विशेष आशीर्वाद प्रदान किया।
कल छह बजे होगी विशेष प्रार्थना सभा
क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अंतर्गत सातवें दिन की प्रार्थना सभा बुधवार को शाम 6:00 बजे फादर सनी कुट्टूर के नेतृत्व में सम्पन्न होगी, जिसमें विशेष प्रार्थना एवं नोवेना का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समस्त ईसाई समाज के श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक पर्व का हिस्सा बनने और प्रभु की असीम कृपा का अनुभव करने का आग्रह किया।