मथुरालीक्स…बड़ा हादसा, वृंदावन में बन रहे 7 मंजिला मॉल की शटरिंग गिरी. तीन मजूदरों की मौत. एक मजदूर की हालत गंभीर
मथुरा के वृंदावन में बड़ा हादसा हुआ है. रुक्मणि विहार में बन रहे 7 मंजिला एक मॉल की शटरिंग और ढलाई सामग्री अचानक नीचे गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि चौथा मजदूर गंभीर रूप से घायल है. इसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया और घटनास्थल का मौका मुआयना किया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वहीं घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

कंपनी प्रबंधन के अनुसार निर्माणाधीन मॉल का कार्य 7 अगस्त से शुरू हुआ था और इस परियोजना के तहत दो बेसमेंट, एक लोअर फ्लोर और ग्राउंड प्लस 7 मंजिल की इमारत का निर्माण प्रस्तावित है. रात 8 बजे से सुबह तक ढलाई का काम चल रहा था. उस समय मौके पर 10 से 12 मजदूर काम कर रहे थे. हादसा दूसरी मंजिल पर बताया गया है. शटरिंग और ढलाई के अचानक ढहने से 4 मजदूर चपेट में आ गए जिनमें से तीन की मौत् हो गई.
पुलिस के अनुसार मृतकों में पश्चिम बंगाल निवासी आलम, रिफ्यूल और नेपाल निवासी शिवराम है. वहीं एक मजदूर 45 वर्षीय दिलदार गंभीर घायल है. घटना की सूचना पर परिजन भी आ गए और कोहराम मच गया. परिवार वालों ने निर्माण कंपनी पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है और मुआवजे की मांग की है.
