मथुरालीक्स…ठाकुर जी को लगी गर्मी तो भक्तों ने सुगंधित फूलों से सजाया बंगला. आज कामदा एकादशी पर ठाकुर जी ने फूल बंगले में दिए दर्शन. 137 दिन फूल बंगले में होंगे दर्शन. जानें कितना है फूल बंगले का शुल्क
गर्मी आ चुकी है और हमारे ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी को भी गर्मी लगने लगी है..ऐसे में आज कामदा एकादशी पर सुगंधित फूलों से ठाकुर जी का बंगला सजाया गया. देश के कोने—कोने से दर्शन का आए श्रद्धालुओं को ठाकुर जी ने फूल बंगले से ही दर्शन दिए. आज कामदा एकादशी से पूरी गर्मी ठाकुर जी अब फूल बंगले में ही भक्तों को दर्शन देंगे. इस साल अधिक मास होने के कारण एक माह अधिक यानी 137 दिन फूलों के बंगले में दर्शन होंगे. 12 अगस्त हरियाली अमावस्या को ऋतु का आखिरी बंगला सजाया जाएगा. फूल बंगले के लिए दस गुना तक बढ़ाया गया शुल्कठाकुर जी के लिए अगर कोई भक्त अपनी ओर से फूल बंगला सजाना चाहता है तो उसे इस साल पिछले साल की तुलना में करीब 10 गुना अधिक शुल्क जमा कराना होगा. सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने बांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं में बदलाव किया है. पिछले साल तक ठाकुर जी के फूल बंगला सजाने के लिए भक्तों द्वारा सेवायत के माध्यम से मंदिर प्रबंध कार्यालय में 15 हजार रुपये शुल्क जमा कराया जाता था लेकिन इसे इस साल दस गुना बढ़ाकर एक लाख 51 हजार रुपये कर दिया गया है.