आगरालीक्स …हिंदुओं के ज्यादा बच्चा पैदा करने पर आगरा से देश भर में राजनैतिक माहौल गर्मा गया। आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने एक शिक्षक के सवाल का जवाब दिया, आगरा में मायावती ने ज्यादा बच्चा पैदा करने पर आरएसएस चीफ से लेकर केंद्र सरकार पर कमेंट किया।
आरएसएस सर संघसंचालक मोहन भागवत शनिवार सुबह आगरा पहुंच गए, उन्होंने यहां जयपुर हाउस स्थित महानगर संघचालक विजय गोयल के घर प्रवास किया, दोपहर में कमला नगर स्थित गनेश नागर सरस्वती विद्या मंदिर में भवन का लोकार्पण किया। आगरा कॉलेज मैदान पर महाविद्यालय शिक्षकों को संबोधित किया। संवाद के दौरान एक शिक्षक ने सवाल पूछा कि मुस्लिम जनसंख्या दर तेजी से बढ रही है और हिंदुओं की जनसंख्या में गिरावट आ रही है, इस पर सर संघसंचालक मोहन भागवत ने कहा कि कहीं कानून बना है क्या कि हिंदू जनसंख्या न बढाए।
वहीं, रविवार को आगरा के कोठी मीना बाजार में मायावती की विशाल चुनावी रैली थी, वे दोपहर एक बजे रैली स्थल पर पहुंची। उन्होंने मंच से कहा कि आरएसएस के हेड बोल रहे हैं कि हिंदू ज्यादा बच्चे पैदा करें, आखिर दो से ज्यादा बच्चों की रोटी की व्यवस्था केंद्र सरकार कैसे करेगी, यह भी बताए। कितना बुरा हाल होगा, जब ज्यादा बच्चे होंगे, अभी दो बच्चों का पेट भरना मुश्किल है। इस बयान को देने से पहले आरएसएस हेड को केंद्र की बीजेपी सरकार को बताना चाहिए कि वह पहले दो बच्चों के लिए साधन मुहैया कराए।
दलितो के घरों में जाकर भोजन करने से क्या उनका सोशल स्टेटस सुधर जाएगा। भाजपा और कांग्रेस के लोग नाटक ना करें। भाजपा सरकार में मुस्लिम और धार्मिक लोगों के साथ अन्याय बढ़ा है। लव जेहाद और देश भक्ति के नाम पर मुस्लिमों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इतना ही नहीं देश के राष्ट्रीय पर्वों का भी राजनीतिकरण किया जा रहा है। 15 अगस्त पर पीएम ने जो भाषण दिया वह जनता को धोखा देने वाला है। भाजपा प्रदेश की सत्ता पाने के लिए युद्ध तक भी जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भाजपा का सपना चकनाचूर करना होगा।
अखिलेश ना कहें बुआ
वहीं सपा सरकार को निशाने पर लेते हुए बोलीं कि यूपी की सरकार ऑक्सीजन पर चल रही है। सपा की सरकार अराजकता के लिए जानी जाती है। गुंडों के मनोबल बढ़े हुए हैं। कब्जे हो रहे हैं। मुजफ्फरनगर, मथुरा और बिसाहड़ा कांड इसके उदाहरण हैं। सपा सरकार के विकास के दावे झूठे हैं। लखनऊ में मेट्रो चलाने की योजना मेरी थी। चाहे दिन हो या रात महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। अगर मुख्यमंत्री उन्हें सुरक्षित नहींं रख सकते तो उनसे राखी क्यों बंधवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1995 में अखिलेश के पिता मुलायम सिंह ने मुझ पर हमला करवाया था, उन्हें मुझे बुआ कहने का हक नहीं है।
बसपा आई तो दूर होगा गुंडाराज और भ्रष्टाचार
बसपा आई तो प्रदेश में कानून का राज कायम होगा। भ्रष्टाचार खत्म होगा। छात्र, मजदूर, व्यापारी सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा। आगरा के कारोबारियों का ध्यान रखेंगे। भीड़ देखकर गदगद मायावती ने यह भी जोड़ा कि आगरा-अलीगढ़ मंडल की भीड़ देखकर लगता है कि हमारी सरकार बनेगी। कांग्रेस आरक्षण के मुद्दे पर छल कर रही है। उसकी नीयत में खोट है। बसपा हमेशा आर्थिक आरक्षण की वकालत करती रही है।शीला वही बुजुर्ग महिला है जो कहती थी यूपी के लोग दिल्ली को गंदा करते हैं। सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय रैली सफल।
Leave a comment