आगरालीक्स… आगरा में ताजमहोत्सव आपके घर के पास पहुंच गया है, पहली बार पालीवाल पार्क में मिनी ताजमहोत्सव का आयोजन 24 से 27 फरवरी तक पालीवाल पार्क में परिवार के साथ मस्ती संग शॉपिंग और स्वादिष्ट व्यंजन का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
शुक्रवार को पालीवाल पार्क कार्यक्रम स्थल पर पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में द प्लानर इवेंट कम्पनी के निदेशक सनी मलिक, राजेश सिंह व उमंग आयोजन समिति के प्रदीप खंडेलवाल ने बताया कि 24 फरवरी को सुबह 10 बजे से पालीवाल पार्क में मिनी ताजमहोत्सव शुरू होगा, शाम पांच बजे डीएम गौरव दयाल शुभारंभ करेंगे। यह 27 फरवरी तक चलेगा। यहां देश के विभिन्न प्रांतों की 50 स्टॉलों पर हस्तकला और चटोरी गली में विभिन्न प्रांतों के खान पान का स्वाद लेने के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजीत बंसल, जसवंत सिंह बघेल, रजनी अग्रवाल, कौशल गर्ग, श्रीकृष्ण पेठे वाले, डॉ. मंजू गुप्ता, अनुराधा शर्मा, दुर्गेश पांडे, ऋतु गोयल, अर्पित माहेश्वरी, अरविन्द फौजदार आदि उपस्थित थे।
फर्नीचर से लेकर लाइफ स्टाइल की स्टॉल
पालीवाल पार्क में लगने वाले मिनी ताजमहोत्सव में द ग्रेट इंडियन फर्नीचर डेकोर एंड लाइफ स्टाइल के स्टॉल लगेंगे। यहां सहारनपुर, जोधपुर, हैदराबाद, मुम्बई, दिल्ली के आकर्षक फर्नीचर के अलावा लखनऊ, बैंगलोर, चंडीगढ़, दिल्ली के परिधान होंगे। वेज फूड चटोरी गली में लखनऊ, जयपुर सहित कई प्रांतों के स्वादिष्ट व्यंजन भी होंगे।
उमंग आयोजन समिति के प्रदीप खंडेलवाल ने बताया कि आकांक्षा समिति के सहयोग से 25 व 26 फरवरी को सांस्कृतिक संध्या में देश विदेश के कलाकार भारतीय लोकनृत्यों का प्रदर्शन करेंगे। 25 फरवरी को कथक, भरतनाट्यम व उड़ीसी फ्यूजन दिव्या शर्मा व ग्रुप द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं 26 की शाम रुचि शर्मा का कथक ग्रुप डांस व आरमगिर की वॉलीबुड नाइट होगी।