आगरालीक्स…आगरा में एमएलसी चुनाव के लिए कल बूथों पर रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां. डीएम ने वोटिंग की तैयारियों का लिया जायजा. दिए निर्देश
आगरा में एमएलसी चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. कल गुरुवार 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना हो जाएंगी और 23 अक्टूबर को मतदान होगा. चुनाव की व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने फिरोजाबाद रोड स्थित मंडी समिति परिसर का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान उपरांत मतपेटिकाओं को सुरक्षित रखने, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तथा मतगणना संबंधी तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराना सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने निर्देश दिए कि 22 अक्टूबर को निर्धारित समय पर पोलिंग पार्टियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ रवाना किया जाए. निर्वाचन सामग्री के वितरण, मिलान एवं सुरक्षित रखरखाव में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा मतदान कार्मिकों के आवागमन और वाहनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि निर्वाचन सामग्री महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए सामग्री प्राप्त करने से लेकर मतदान के बाद उसे निर्धारित स्थल पर जमा कराने तक प्रत्येक स्तर पर पूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन किया जाए.
जिलाधिकारी ने मतदान संपन्न होने के उपरांत मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित स्ट्रांग रूम में जमा कराने की व्यवस्था का जायजा लिया उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा बलों की तैनाती सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा मतगणना स्थल पर कार्मिकों की व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों तथा मतगणना की तैयारियों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी, 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक मतदान तथा 27 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना निर्धारित है. मंडी समिति परिसर में निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 जनपदों की मतपेटिकाओं को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुरक्षित रखा जाएगा तथा मतगणना की प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी. निरीक्षण में सीडीओ अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी(नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व) संदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी(नमामि गंगे) जुबैर बेग, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे.