
यूपी में एमएलसी की 36 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। आगरा कलक्ट्रेट में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डा. दिलीप यादव जुलूस के साथ कलक्ट्रेट में नामांकन जमा करने पहुंचे, सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन, जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल यादव, राजपाल यादव, हरेंद्र यादव सहित सपा नेताओं के साथ उन्होंने नामांकन किया।
फीरोजाबाद निवासी दिलीप यादव की राह में समाजवादी पार्टी के नेता ही कांटे बिछा रहे हैं। वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी डा. अतर सिंह की बगावत के बाद अब पार्टी के पार्षद राजपाल यादव भी उनके खिलाफ मैदान में उतर आए हैं। राजपाल यादव ने गुरुवार को पर्चा खरीद लिया है। सपा के ही कार्यकर्ता बहादुर सिंह ने भी बुधवार को पर्चा खरीदा था। उधर चार अन्य प्रत्याशियों ने भी पर्चा खरीदा है। इनमें फतेहाबाद निवासी सत्यपाल, खेरागढ़ निवासी मनोज सिंह, अनिल कुमार, शमसाबाद निवासी अतुल पाराशर के नाम शामिल हैं।
उधर, सपा से टिकट न मिलने पर बगावत कर रहे पूर्व एमएलसी डॉ अतर सिंह यादव को भाजपा प्रत्याशी बनाती, इससे पहले ही पूर्व मंत्री जयवीर सिंह के बेटे का नाम सामने आ गया है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी को लेकर पफैसला नहीं ले सकी है। बसपा चुनाव में हार का मुंह नहीं देखना चाहती है, इसलिए एमएलसी वीरू सुमन को चुनाव लडाने से पहले विचार किया जा रहा है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त एवं राजस्व राजकुमार ने बताया कि कलेक्ट्रेट में भीड़ नहीं होने दी जाएगी। प्रत्याशी और 10 प्रस्तावकों को आरओ कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। पहले चरण के पांच प्रस्तावकों के बाहर जाने के बाद दूसरे चरण के प्रस्तावक अंदर प्रवेश कर सकेंगे।
Leave a comment