आगरालीक्स…एस्कॉर्ट सर्विस पर डाला दोस्त की पत्नी का मोबाइल नंबर. अनजान कॉल्स से तनाव में आई महिला..पुलिस में की शिकायत. आरोपी गिरफ्तार.
तीन महीने से आ रहे थे कॉल्स
मामला थाना ताजगंज क्षेत्र का है. मीडिया सूत्र के अनुसार यहां रहने वाली एक महिला को अक्सर अनजान कॉल्स आ रहे थे. फोन पर अश्लील और गलत बातें की जाती थी तथा रुपये देने की बात की जाती थी. ये मामला करीब तीन महीने से चल रहा था. इन अनजान कॉल्स को लेकर महिला काफी तनाव में आ गई थी. पहले तो महिला ने फोन स्विच आफ करना शुरू कर दिया लेकिन जब भी फोन आन होता तभी कॉल्स आना शुरू हो जाते. महिला ने किसी तरह इसकी जानकारी अपने पति को दी और अपनी परेशानी के बारे में बताया.
पुलिस को दी जानकारी तो खुला मामला
महिला और उसके पति ने इसकी जानकारी एसएसपी बबलू कुमार को दी. मामले की तहकीकात की गई तो पता चला कि किसी ने महिला की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसका फोटो उसकी प्रोफाइल से लेकर व मोबाइल नंबर उस पर डाल दिया है. यही नहीं उस पर एस्कॉर्ट सर्विस भी लिख दिया है. फोटो को एडिट भी किया गया था. जिसके कारण महिला के पास ऐसे अनजान कॉल्स आ रहे थे. पुलिस ने इस फर्जी फेसबुक आईडी को बंद कराया और महिला का नंबर व फोटो भी वहां से हटाया. पुलिस ने जब इसकी पडताल की तो पता चला कि श्यामो गांव में रहने वाले मनोज नाम के व्यक्ति ने महिला की यह आईडी बनाई थी. पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोज महिला के पति का दोस्त है. जिसने ये शर्मनाक हरकत की थी. आरोपी का कई सालों से महिला के घर आना—जाना भी था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है.
महिला ने बंद कर दिया था घर में आना—जाना
पुलिस के अनुसार आरोपी मनोज ने घर आने—जाने के दौरान महिला से दोस्ती करने का दबाव बनाया था. महिला ने जब इसका विरोध किया और आरोपी का घर पर आना—जाना बंद करा दिया तो आरोपी मनोज ने इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने बताया कि अनजान कॉल्स की वजह से महिला तनाव में आ गई थी.
छात्र ने टीचर का डाला था नंबर
हाल ही में आगरा के एक छात्र ने भी अपनी टीचर का प्रोफाइल पिक्स और नंबर एस्कॉर्ट सर्विस की वेबसाइट्स पर डाल दिया था, जिसके कारण टीचर भी काफी तनाव में आ गई थी.