आगरालीक्स.. (Agra News 8th November )आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर रात भर जाम लगा रहा, जानें कितने वाहन यमुना एक्सप्रेस वे से निकले।
दीपावली पर घर आए लोग रविवार को यमुना एक्सप्रेस वे से दिल्ली सहित अन्य शहरों के लिए लौटे, इससे यमुना एक्सप्रेस वे पर दोपहर बाद जाम लगने लगा। कुछ ही देर में खंदौली टोल प्लाजा, मथुरा टोल प्लाजा और जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन लगती गई। टोल प्लाजा पर एक किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन लग गई।

40 हजार से अधिक वाहन गुजरे
यमुना एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा से 15 से 18 हजार वाहन सामान्य दिनों में गुजरते हैं लेकिन रविवार को वाहनों की संख्या दो गुना से ज्यादा पहुंच गई। टोल प्लाजा इंचार्ज तुलसी राम गुर्जर ने मीडिया को बताया कि रविवार को 40 हजार से अधिक वाहन टोल प्लाजा से होकर गुजरे, वाहनों की संख्या दोगुना से अधिक पहुंचने से जाम लगा रहा।
रात 10 बजे तक रेंगते रहे वाहन
यमुना एक्सप्रेस वे पर रविवार को रात तक वाहन रेंगते रहे, टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। रात 10 बजे तक वाहन रेंगते रहे। मथुरा टोल प्लाजा पर तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।