आगरालीक्स.. आगरा में जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की बैठक में हंगामा, कुर्सियां तोडी, गाली गलौज और पंचायत सदस्यों के बीच मारपीट होने पर बैठक स्थगित कर दी गई है।
आगरा में भाजपा की गुटबाजी के चलते जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह के विरोध में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, इसके लिए शुक्रवार को जिला पंचायत कार्यालय पर शुक्रवार सुबह 10 बजे से बैठक बुलाई। 12 बजे तक सदस्यों को पहुंचना था, इसके बाद अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक में निर्णय लिया जाना था, जिला पंचायत के 52 सदस्य हैं, 26 सदस्यों के अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोट करने पर प्रबल प्रताप सिंह की कुर्सी जा सकती थी।
कोरम नहीं हुआ पूरा, तोडफोड और मारपीट
जिला पंचायत कार्यालय, बालूगंज में बस से जिला पंचायत सदस्य पहुंचे, इनकी बस को अंदर नहीं जाने दिया, इसे लेकर विवाद हुआ। उधर, बैठक में कोरम पूरा नहीं हो सका। अविश्वास प्रस्ताव के लिए नामित किए गए पीठासीन अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि बैठक निर्धारित समय से शुरू की गई लेकिन बैठक शुरू करने के लिए जितने सदस्य चाहिए, वह मौजूद नहीं थे, इससे कोरम पूरा नहीं हो सका। कुछ समय बाद कुछ सदस्य बैठक कक्ष में पहुंचकर हंगामा करने लगे। कुर्सी तोड दी, गाली गलौज और मारपीट करने लगे। इससे अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसे देखते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय लिए बिना ही बैठक स्थगित करनी पडी।
