आगरालीक्स …आगरा में स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं और तीन गुना अधिक रेट मे तितली आकार की नियाॅन लाइट खरीद ली । आज नगर निगम के सदन में लाइटों की खरीद में भ्रष्टचार पर सवाल उठाए जाएंगे।
आगरा में शाहगंज से बोदला रोड पर खंभो पर तितली आकार की नियाॅन लाइट और जीवनीमंडी से यमुना किनारा रोड पर त्रिशूल आकार की 230 खंभो पर लाइट लगाई गई हैं। इन लाइटों पर 32 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
बाजार में 2800 रुपये में तितली
नगर निगम ने तितली आकार की एक नियाॅन लाइट 14 हजार रुपये में खरीदी है, जबकि बेलनगंज मार्केट में यही तितली आकार की नियाॅन लाइट 2800 रुपये में उपलब्ध है। तीन गुना अधिक रेट पर ये लाइट खरीदी गई हैं। वहीं, त्रिशूल आकार की नियाॅन लाइट का रेट और कम है। नगर निगम ने 100 तितलियां और 130 त्रिशूल लगाए हैं। इस पर 32 लाख रुपये खर्च किया गया है।
स्ट्रीट लाइट हैं खराब
बुधवार को नगर निगम का सदन है, पार्षदों का कहना है कि शहर में स्ट्रीट लाइट खराब हैं नई स्ट्रीट लाइट खरीदने के लिए बजट नहीं है। जबकि नियाॅन लाइट सदन में प्रस्ताव पास किए बिना खरीद ली गई, इसे लेकर सदन में सवाल उठाए जाएंगे। वहीं, अधिशासी अभियंता आरके सिंह का कहना है कि अन्य नगर निगम में तितली आकार की लाइट 20 हजार रुपये तक में खरीदी गई हैं, उसी टेंडर को देख कर एजेंसी को काम दिया गया है।