
यमुना किनारा रोड पर 15 दिन पहले कमिश्नर की गाड़ी भी काफी देर तक जाम में फंसी रही थी। इसी के अगले दिन भारी वाहनों की सुबह आठ से रात आठ बजे तक के लिए इस रूट पर एंट्री बंद करा दी गई थी।
इसी बीच जवाहर पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इस पर भारी वाहनों की एंट्री चौबीसों घंटे के लिए बंद कर दी गई। भारी वाहनों के आवागमन में बड़ी परेशानी हो गई। इसी समस्या पर मंगलवार को ट्रांसपोर्टरों और चेंबर पदाधिकारियों ने एडीएम सिटी राजेश श्रीवास्तव और एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार सिंह के साथ मीटिंग की। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि अंबेडकर पुल पर भारी वाहनों को दो घंटे की छूट दी गई है। चेंबर अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल, संजय गोयल, अवनीश कौशल, मनीष अग्रवाल ने प्रशासन से स्थाई समाधान के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने की भी मांग की।
हरीपर्वत पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने तीन फैसले लिए हैं। एक तो बाईं तरफ मुड़ने वालों के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। इसके लिए चौराहे पर कोन और स्प्रिंग स्टैंड लगा दिए गए हैं। इसके अलावा चौराहे और एमजी रोड पर सिविल डिफेंस के कार्यकर्ता तैनात किए जा रहे हैं। ये लोग ट्रैफिक जाम होने से रोकने में यातायात पुलिस की मदद करेंगे। तीसरा फोटो चालान की व्यवस्था की गई है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि जिन वाहन चालकों की वजह से ट्रैफिक जाम होगा, उन्हें चिह्नित कर कैमरे से फोटो खींचे जाएंगे और चालान काटे जाएंगे।
मदिया कटरा पर वन वे समाप्त
हरीपर्वत के बाद ट्रैफिक जाम की सबसे बड़ी समस्या रहती है मदिया कटरा और देहली गेट पर। मदिया कटरा पर चौपहिया वाहनों के लिए वन वे व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब यहां ट्रैफिक टू वे चलेगा।
Leave a comment