नईदिल्लीलीक्स… केंद्र सरकार ने छोटी बचतों पर ब्याज दर घटाने का फैसला वापस लिया। रजनीकांत को दादा साहेब फाल्के अवार्ड। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
ब्याज दरें घटाने का फैसला वापस
केंद्र सरकार ने बुधवार को छोटी बचतों पर ब्याज दर घटाने का जो फैसला लिया था, उसे आज वापस ले लिया है। अब सभी छोटी बचतों पर पुरानी दरें ही लागू रहेंगी। कल केंद्र सरकार ने बचत खातों, पीपीएफ, टर्म डिपाजिट, आरडी से लेकर बुजुर्गों के लिए बचत योजनाओं तक पर ब्याज दर में कटौती कर दी थी। साथ ही इन्हें एक अप्रैल से लागू करने को कहा था, लेकिन सरकार ने आज सुबह इसे वापस ले लिया। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कहा कि कल का आदेश भूल-चूक से जारी हो गया था।
रजनीकांत को दादा साहब फाल्के अवार्ड
दक्षिण के सुपर स्टार रजनीकांत को वर्ष 2019 का दादा साहब फाल्के अवार्ड दिया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने यह घोषणा एक प्रेस कान्फ्रेंस में की। जावड़ेकर ने इस बारे में ट्वीटर पर रजनीकांत के साथ एक फोटो साझा करने की भी जानकारी दी। जावड़ेकर ने जूरी के सदस्यों आशा भौसले, सुभाष घई, मोहनलाल, शंकर महादेवन और विश्वजीत चटर्जी को भी धन्यवाद दिया।
यूपी में आज से शराब महंगी, बीयर सस्ती
नये वित्तवर्ष के साथ ही आज से उत्तर प्रदेश में नया आबकारी सेशन भी शुरू हो गया है, जिसका असर शराब के दामों पर पड़ा है। प्रदेश में आज से देशी और विदेशी शराबों के दामों में वृद्धि कर दी गई है, जबकि बीयर के दाम कम कर दिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने दूसरे देशों से आने वाली स्कॉच, व्हिस्की, वाइन और बोदका समेत सभी शराबों पर परमिट फीस को बढ़ा दिया है।
केलीफोर्निया में गोलीबारी, चार मरे
अमेरिका के केलीफोर्निया में गोलीबारी की एक घटना में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। एक दो मंजिला कार्यालय में हुई इस घटना में पुलिस की गोली से फायरिंग करने वाला शख्स भी घायल हो गया है। फायरिंग करने वाले व्यक्ति के बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं मिली है, उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।