नईदिल्लीलीक्स। सीएम ममता बनर्जी के घायल होने पर टीएमसी का घोषणा पत्र टाल दिया गया है। कोरोना के केस और बढ़ गए हैं। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
टीएमसी का घोषणा पत्र टाला गया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घायल होने की वजह से तृणमूल कांग्रेस ने आज जारी होने वाले अपने घोषणा पत्र को टाल दिया है। इस बीच ममता बनर्जी के घायल होने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। टीएमसी ने इस मामले को हमले का रूप देते हुए हमले की राजनीतिक साजिश बताया है। साथ ही इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया है। टीएमसी का एक प्रतिनिधिमंडल आज चुनाव आयोग के समझ अपनी शिकायत दर्ज कराएगा।
कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से उछाल आया है। बीते 24 घंटों में 22,854 कोरोना संक्रमण के नये केस सामने आए हैं। यह पिछले दो माह में सर्वाधिक केस हैं। बीते 26 दिसंबर को कोरोना संक्रमण के 22,275 केस दर्ज हुए थे। केंद्र सरकार द्वारा आज जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में 125 मरीजों की मौत हो चुकी है। देश में कोरोना संक्रमण के अब तक 1,12,85,561 मामले प्रकाश में आ चुके हैं।
एंटिलिया केस का तिहाड़ से कनेक्शन
मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के एंटीलिया के बाहर मिली जिलेटिन छड़ों से भरी स्कॉर्पियो को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। इंडियन एक्सप्रेस अखबार ने एक प्राइवेट साइबर एजेंसी के हवाले से खबर प्रकाशित की है, जिसमें आतंकी संगठन जैवा उल हिंद के टेलीग्राम चैनल से विस्फोटक रखने की जिम्मेदारी दी गई थी, वह चैनल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बना था। बता दें कि केंद्र के आदेश के बाद इस मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई है।
कनाडा की सड़कों पर मोदी के होर्डिंग्स
कनाडा के ग्रेटर टोरेंटो शहर की सड़कों पर इन दिनों भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होर्डिंग्स नजर आ रहे हैं। दरअसल भारत सरकार ने कनाडा को कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध कराई है, जिसके लिए कनाडा ने प्रधानमंत्री मोदी और भारत का आभार जताया है। इन होर्डिंग्स में लिखा है कि कनाडा को वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए भारत और नरेंद्र मोदी का धन्यवाद।