नईदिल्लीलीक्स… राष्ट्रपति भवन का मुगल गार्डन कल से आम जनता के लिए खुलेगा। पाक ने तीसरा मिसाइल परीक्षण किया। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
सुप्रीम कोर्ट का केंद्र सरकार और ट्विटर को नोटिस
फर्जी खबर, नफरती खबर और राजद्रोह वाली पोस्ट के लिए मैकेनिज्म बनाए जाने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और ट्विटर को नोटिस जारी किया है। मामले को एक अन्य याचिका के साथ जोड़ा गया है। दरअसल ट्विटर पर निगरानी के लिए सुप्रीम कोर्ट मे मई 2020 में एक याचिका दायर की गई थी। जनहित याचिका में ट्विटर कंटेंट चेक करने के लिए मैकेनिज्म बनाए जाने की मांग की गई थी। याचिका में कहा गया है कि फर्जी एकाउंट के फर्जी खबरें और भड़काऊ संदेश के जरिये समाज में नफरत फैलाई जा रही है। याचिका भाजपा नेता विनीत गोयनका ने दायर की है।
पीएम ने चीन को दे दी जमीनः राहुल गांधी
भारत-चीन के बीच लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को संसद में दिए गए बयान में बताया कि पैगांग पर चीन से समझौता हो गया है। दोनों देशों की सेनाएं वहां से पीछे हट रही हैं। इस मामले पर राहुल गांधी ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हिन्दुस्तान की जमीन चीन को पकड़ाई है। यह सच्चाई है। मोदी इसका भी जवाब दें। मोदी ने चीन के सामने सिर झुका दिया है, जो रणनीतिक क्षेत्र है, जहां चीन अंदर आकर बैठा है, उसके बारे में रक्षामंत्री ने एक शब्द भी नहीं कहा है।
पाक ने तीसरा मिसाइल परीक्षण किया
पाकिस्तान भले ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है लेकिन फिर भी अपने हथियारों का जखीरा बढ़ाने में लगातार लगा हुआ है। पाक ने 450 किलोमीटर तक लक्ष्य भेदने में सक्षम सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया है। पाक सेना ने एक बयान में कहा कि बाबर मिसायल पूरी सटीकता के साथ जमीन और समुद्र में लक्ष्य भेदने में सक्षम है।
राष्ट्रपति भवन का मुगल गार्डन कल खुलेगा
राजधानी स्थित राष्ट्रपति भवन के परिसर में स्थित मुगल गार्डन अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है। कल 13 फरवरी से यह गार्डन आम जनता के लिए खोला जा रहा है। आम जनता 13 से 21 मार्च तक मुगल गार्डन की खूबसूरती का दीदार कर सकेगी। राष्ट्रपति आज राष्ट्रपति भवन के वार्षिक उद्योनोत्सव का उद्घाटन करेंगे।