नईदिल्लीलीक्स…भाजपा सांसद का शव दिल्ली में फंदे से लटका मिला। अस्पताल में वेंटिलेटर पर पड़ी महिला से अश्लीलता। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
भाजपा सांसद की संदिग्ध हालात में मौत

हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राममनोहर लोहिया अस्पताल के पास स्थित सांसद के फ्लेट से उनका शव फंदे पर लटका हुआ मिला। मामला खुदकुशी का लगता है लेकिन शव के पास कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं होने के कारण पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस को इसकी सूचना आज सुबह साढ़े आठ बजे मिली। पुलिस जांच में जुट गई है।
एंटीलिया केस और उलझा
देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के निवास एंटीलिया के पास विस्फोटकों से भरी मिली कार की जांच लगातार उलझती जा रही है। मामले की जांच कर रहे एनआईए ने एक मर्सिडीज कार जब्त की थी, जिससे केस से जुड़े कुछ अहम सुबूत मिले हैं। इस कार का मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सचिन वाजे से संबंध स्पष्ट हो गया है। घटना के दिन जो इनोवा कार दिखाई दी थी वह सचिन वाजे ही चला रहा था, जबकि स्कॉर्पियो कार एक दूसरा पुलिस वाला चला रहा था, जिसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया गया है।
अमेरिका के अटलांटा में फायरिंग, आठ मरे
अमेरिका के अटलांटा में तीन स्थानों पर हुई गोलीबारी में एशियाई मूल की छह महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अटलांटा के उत्तर में स्थित एक मसाज पार्लर में चार तथा शहर के दो स्पॉ सेंटरों में चार लोग मारे गए। पुलिस ने एक 21 वर्षीय संदिग्ध को हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि तीनों स्थानों पर इसी शख्स ने गोलियां चलाई हैं। इस गोलीबारी के पीछे क्या उद्देश्य था, अब तक यह सामने नहीं आया है।
नीता अंबानी को विजिटिंग प्रोफेसर की खबर झूठी
रिलायंस इन्ड्रस्ट्रीज लिमिटेड ने मीडिया में चल रही उन सभी खबरों को झूठ करार दिया है, जिसमें रिलायंस इन्डस्ट्रीज की कार्यकारी निदेशक नीता अंबानी को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर बनाए जाने की बात कही गई है। दरअसल बीएचयू के प्रोफेसरों ने नीता अंबानी को को विजिटिंग प्रोफेसर बनाने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन उन्हें विजिटिंग प्रोफेसर नियुक्त नहीं किया गया है।
अस्पताल के आईसीयू में अश्लीलता
राजस्थान की राजधानी जयपुर के शैल्बी अस्पताल के आईसीयू में अस्पताल के एक कर्मचारी ने वेंटिलेटर पर इलाज करा रही महिला के साथ बार-बार अश्लीलता की। महिला के मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगा था तथा उसके दोनों हाथ बंधे थे। महिला की इस असहाय स्थिति का लाभ उठाते हुए उक्त कर्मचारी पूरी रात उसके शरीर से अश्लील हरकत करता रहा।