नईदिल्लीलीक्स… दिल्ली में बच्चों के लिए स्कूल खुल गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने किसानों की ट्रैक्टर रैली का फैसला दिल्ली पुलिस पर छोड़ दिया है। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
दिल्ली में 10 माह बाद स्कूल खुले
कोरोना के कहर के चलते बंद किए गए दिल्ली के स्कूल आज से खुल गए हैं। स्कूल पहुंचे बच्चे बहुत खुश नजर आए। बोर्ड की परीक्षाओं से पहले दिल्ली के 10वीं और 12वीं के स्कूल खुल चुके हैं। इस बीच स्कूलों और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। स्कूल पहुंचे छात्र-छात्राओं ने विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी खुशी का इजहार किया। सभी बच्चे मास्क लगाकर ही स्कूल पहुंचे हैं तथा स्कूल में प्रवेश के दौरान दो गज की दूरी के नियम का पालन कराया गया। सभी स्कूलों में सेनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई है।
ट्रैक्टर रैली पर पुलिस फैसला करेगीः सीजेआई
गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली निकालने पर पुलिस फैसला करेगी। यह बात आज सुप्रीम कोर्ट में किसानों के मामले की सुनवाई करते हुए कही। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि रामलीला मैदान में प्रदर्शन की इजाजत पर पुलिस को फैसला करना है। कोर्ट ने यह भी कहा कि शहर में कितने लोग, कैसे आएंगे, यह दिल्ली पुलिस को तय करना है। कोर्ट ने गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली के मामले की गेंद दिल्ली पुलिस के पाले में डाल दी है।
जून के बाद सबसे कम केस
देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमितों के 13,788 नये मामले आए हैं, जो गत वर्ष जून के बाद सबसे कम मामले हैं। अब तक देश में 1,05,71,773 लोग संक्रमित हो चुके हैं। अब तक 1,02,11,342 लोग इस वायरस को मात देकर अपने घरों को लौट गए हैं केंद्र के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस समय देश में कुल 3,08,012 एक्टिव केस ही बचे हैं। बीते 24 घंटों में 145 मरीजों की मौत के बाद देश में अब तक 1,52,419 लोग कोरोना के चलते मौत के मुंह में समा चुके है।
कोरोना के बावजूद आगे बढ़ी चीन की अर्थव्यवस्था
कोरोना महामारी के बावजूद विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश चीन की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ी है। ऐसे संकेत चीन के ताजा सकल घरेलू उत्पाद यानि जीडीपी की विकास दर 2.3 फीसदी रही है। वर्ष के अंतिम तिमाही में यह दर 6.5 फीसदी रही, जबकि तीसरी तिमाही में यह दर 4.9 फीसदी थी। कोविड-19 और लॉकडाउन के कारण 2020 के शुरुआती तीन महीनों में चीन की जीडीपी 6.8 फीसदी तक गिर गई थी।