नईदिल्लीलीक्स…। देश में अगले एक वर्ष में खत्म होंगे टोल प्लाजा। शिक्षिका ने नाबालिग से जबरन शादी रचाई। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
एक साल में हटेंगे सभी टोल
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज लोकसभा में घोषणा की है कि सरकार अगले एक वर्ष में सभी टोल प्लाजा खत्म करने की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त में टेक्नोलॉजी की मदद से लोगों को उतना ही टोल चुकाना पड़ेगा, जितना वो सड़क पर चलेंगे।
शिक्षिका ने जबरन की नाबालिग से शादी
जालंधर में एक स्कूल की शिक्षिका द्वारा एक 13 वर्षीय छात्र के साथ जबरन विवाह रचाने का अजब मामला प्रकाश में आया है। नगर बाबा खेल क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में बताया गया है कि स्कूल की शिक्षिका के विवाह में देर हो रही थी। इसलिए उसने अंधविश्वास के चलते ऐसा किया। शिक्षिका को लगता था कि ऐसा करने से उसका मांगलिक दोष दूर हो जाएगा। नाबालिग छात्र के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
रेसलिंग में कम अंक आने पर फोगाट की बहन ने की खुदकुशी
पहलवान बबीता फोगाट की ममेरी बहन 17 वर्षीय रीतिका फोगाट की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने मौत का कारण खुदकुशी बताया है। पुलिस के मुताबिक रीतिका रेसलिंग टूर्नामेंट में बहुत कम अंकों से हारने की वजह से बहुत दुखी थी। ज्ञातव्य है कि रीतिका फोगाट ने पहलवानी कोच महावीर फोगाट से प्रशिक्षण प्राप्त किया था।
हत्यारे पुतिन को कीमत चुकानी होगीःबाइडेन
अमेरिका के नए राष्ट्रपति जो बाइडेन के बयान से दुनियाभर में हलचल मच गई है। बाइडेन ने एक बयान में रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन को हत्यारा कहा था। बाइडेन ने यह भी कहा था कि पुतिन को अमेरिकी चुनावों में गड़ब़ड़ी फैलाने के लिए कीमत चुकानी पड़ेगी। बाइडेन के इस बयान के बाद रूस ने अमेरिका से अपने राजदूत को मास्को बुला लिया है।