नईदिल्लीलीक्स… लॉकडाउन के दौरान बैंक ऋण पर वसूले जा रहे ब्याज मामले में दखल देने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार। फणनवीस का ट्रांसफर-पोस्टिंग में रिश्वतखोरी का आऱोप। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
फणनवीस का उद्धव सरकार पर वार
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस ने मौजूदा राज्य सरकार पर महाराष्ट्र में ट्रांसफर-पोस्टिंग में बड़े स्तर पर रिश्वतखोरी का आऱोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इसका खुलासा करने वाले अधिकारी पर ही उद्धव सरकार ने कार्रवाई कर दी। फणनवीस ने कहा कि उनके पास इस बात के सुबूत हैं कि गृहमंत्री देशमुख ने पुलिस अधिकारी वाजे से हर माह सौ करोड़ की उगाही करने के निर्देश दिए थे।
सुप्रीम कोर्ट लोन मोरेटोरियम में दखल नहीं देगा
लॉकडाउन के दौरान बैंक ऋण पर वसूले जा रहे ब्याज के मामले में दखल देने से इनकार करके सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि राजकोषीय नीतियों का मामला केंद्र और रिजर्व बैंक के अधिकार क्षेत्र में है। अदालत इस मुद्दे पर न्यायिक समीक्षा नहीं कर सकती है। कोर्ट ने कहा कि आर्थिक नीति निर्णयों पर न्यायिक समीक्षा का सीमित दायरा है। कोर्ट व्यापार और वाणिज्य के शैक्षणिक मामलों पर बहस नहीं करेगा।
जेडीयू समर्थकों ने महिलाओं को पीटा
बिहार की नीतिश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के दावे भले ही करती हो लेकिन उन्हीं की पार्टी के नेता और कार्यकर्ता महिलाओँ की इज्जत तार-तार करते नजर आ रहे हैं। बेगूसराय जनपद के तेघरा थाना क्षेत्र के किरतौल गांव में जेडीयू नेता सरवर आजाद और उनके समर्थकों द्वारा कई महिलाओँ को लाठी-डंडे और ईंटों से मारने का वीडियो सामने आया है।
ब्रिटेन ने चार चीनी अफसरों पर लगाया प्रतिबंध
यूरोपीय संघ, कनाडा और अमेरिका के बाद ब्रिटेन ने भी चीन के शिनजियांग प्रांत में उईगर और अन्य अल्पसंख्यकों के मानवाधिकार उल्लंघन के मामले में चीन सरकार के चार अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमेनिक राव ने घोषणा की है कि घोर मानवाधिकार उल्लंघन के दोषियों के खइलाफ प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ समन्वय के तहत लगाया गया है।