नईदिल्लीलीक्स.. कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ गए हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक बढ़ा दी गई है। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पाबंदी 31 मार्च तक बढ़ाई
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध को 31 मार्च तक बढ़ा दिया है। डीजीसीए ने ट्विटर के माध्यम से इसकी जानकारी दी। ज्ञातव्य कि देश में कोविड महामारी के मद्देनजर पिछले साल 23 मार्च से अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन को निलंबित किया गया था। पहले यह पाबंदी 28 फरवरी तक लागू थी लेकिन जिस तरह कोरोना के मामले बढ़े हैं, उसके बाद एक महीने के लिए प्रतिबंध बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
फिर बढ़ा कोरोना का कहर
देश में पिछले एक साल से कोरोना का कहर जारी है। एक बार फिर कोरोना संक्रमण का ग्राफ चढ़ने लगा है। पिछले कई दिनों से कोरोना के दैनिक मामलों में बढ़ोत्तरी जारी है। बीते 24 घंटों मे कोरोना के 16488 नये मामले प्रकाश में आए है। इस अवधि में ११३ लोगों की इस वायरस से जान चली गई है। नये मामले बढ़ने के बाद केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं।
सउदी राजकुमार ने पत्रकार खशोगी की हत्या की दी थी मंजूरी
अमेरिका ने कल शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से सऊदी अऱब के राजकुमार मोहम्मद बिन सलमान पर असंतुष्ट पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या को मंजूरी देने का आऱोप लगाया है। जो बाइडन प्रशासन द्वारा नवगठित एक इंटेलीजेंस टीम की रिपोर्ट में कहा गया है कि सऊदी राजकुमार ने सऊदी पत्रकार को पकड़ने या मारने के लिए तुर्की में एक आपरेशन को मंजूरी दी थी।
सपा सरकार उत्तर प्रदेश का गेम चेंज करेगी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में महंगाई रुकेगी नहीं, खेती बर्बाद हो चुकी है और उद्योग लगने की गुंजाइश नहीं है। अगले वर्ष उत्तर प्रदजेश में सपा सरकार बनेगी और प्रदेश का गेम चेंज हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए काम होगा, आने वाले समय में गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और अगड़े-पिछड़े सभी की उम्मीद इसी पर टिकी है।