आगरालीक्स… सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओँ की तिथि की आज घोषणा की जाएगी। कई राज्यों में नई साल पर नाइट कर्फ्यू। केरल में शिगेला की दस्तक। साथ में देश-विदेश की अब तक की प्रमुख खबरें।
नाइट कर्फ्यू के बीच होगा नये साल का आगमन
विश्वभर में फैले कोरोना वायरस जनित कोविड-19 बीमारी के के साथ शुरू हुआ साल 2020 खत्म होने में कुछ ही घंटे बचे हैं। इस दौरान इस वैश्विक बीमारी का असर कुछ कम जरूर हुआ है लेकिन ब्रिटेन में इस वायरस के नये स्ट्रेन मिलने के बाद भारत में चिंता बढ़ गई है। देश में इस स्ट्रेन की चपेट में अब तक 20 मरीज सामने आए हैं, जिन्हें देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों ने नये साल के जश्न पर कुछ पाबंदियां लगाई हैं। दिल्ली और मुंबई सरकार ने नाइट कर्फ्यू लगा दिया है तथा भीड़ एकत्र होने पर भी रोक लगा दी है। देश के तकरीबन सभी राज्यों ने नये साल के जश्न के लिए गाइडलाइंस जारी कर दी हैं।
घाटी में मुठभेड़ पर उठे सवाल
जन्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में बुधवार को पुलिस ने तीन आतंकवादियों को ढेर करने का दावा किया है लेकिन इस घटना के कुछ देर बाद ही मारे गये युवकों के परिजनों ने इस मुठभेड़ को नकली बताया है। मारे गये लोगों में एक पुलिस अधिकारी का बेटा है, जबकि एक 11वीं में पढ़ने वाला छात्र बताया गया है।
कोलकाता में सीबीआई के छापे
प. बंगाल में आज (गुरुवार) को सीबीआई के दल ने कोलकाता में तृणूल यूथ कांग्रेस के महासचिव विनय मिश्रा के ठिकानों पर छापे मारे। ये छापे मवेशी तस्करी घोटाले को लेकर की गई है। विनय मिश्रा को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का करीबी बताया जा रहा है। इन छापों को लेकर भाजपा औऱ तृणमूल कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
प्रजापति के घऱ मिले 11 लाख के पुराने नोट
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय ने घनन घोटाले को लेकर प्रजापति के अमेठी स्थित आवास पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान ईडी को 11 लाख के पुराने नोट, पांच लाख रुपये के सादा स्टांप पेपर, डेढ़ लाख रुपये कैश और सौ से अधिक बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं।
केरल में कोरोना के बाद शिगेला की दस्तक
केरल में तेजी से फैले कोविड-19 पर तो काबू पा लिया गया है लेकिन अब वहां कोरोना जैसी ही घातक शिगेला बीमारी तेजी से फैल रही है। इस बीमारी से 11 साल के एक लड़के की मौत भी हो चुकी है। एनार्कुलम में एक 56 वर्षीय महिला में भी शिगेला के लक्षण पाये गए हैं।
सीबीएसई परीक्षाएं फरवरी तक नहीं
आगरालीक्स… सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओँ की तिथि की आज घोषणा की जाएगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री निशंक पोखरियाल इन तारीखों की घोषणा करेंगे। इससे पहले शिक्षामंत्री ने कुछ सवालों के जवाब दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहले जनवरी-फरवरी और मध्य मार्च तक परीक्षा होती थी लेकिन संवाद के बाद निर्णय लिया गया है कि 2021 में फरवरी तक परीक्षा नहीं होंगी। यह भी स्पष्ट हो गया है कि परीक्षाएं ऑनलाइन नहीं होंगी।