नईदिल्लीलीक्स… पीएम मोदी ने 26 जनवरी पर लालकिले पर तिरंगे के अपमान की निंदा की है। प. बंगाल के पांच टीएमसी नेता भाजपा में जाएंगे। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
तिरंगे के अपमान से देश दुखीः मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने गत 26 जनवरी को दिल्ली के लालकिले पर तिरंगे के अपमान की निंदा करते हुए कहा कि इस घटना से पूरे देश को दुख हुआ है। पीएम ने अपने मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम की आस्ट्रेलिया पर जीत, पदम पुरस्कारों और बजट सत्र की शुरुआत होने का भी जिक्र किया।
टिकैत का पीएम पर पलटवार
किसान नेता राकेश टिकैत ने पीएम के मन की बात कार्यक्रम में तिरंगे के अपमान वाली टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि सारा देश तिरंगे से प्यार करता है, जिसने तिरंगे का अपमान किया है, उसको पकड़ा जाए। किसानों और सरकार के बीच बातचीत बहाली के सवाल पर राकेश टिकैत ने कहा कि बंदूक की नोक पर बातचीत नहीं होगी।
टीएमसी के पांच नेता भाजपा में
प. बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में टीएमसी के पांच नेताओं ने कल शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इन पांच नेताओँ के शीघ्र ही भाजपा में शामिल होने की उम्मीद है।
तानाशाह की पुत्रवधू गिरफ्तार
दुनिया के जाने-माने तानाशाह कर्नल मुअम्मर गद्दाफी की पुत्रवधू अलाइन सकॉफ के खिलाफ वारंट जारी कर दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक कर्नल गद्दाफी की पुत्रवधू को ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन करने पर टोका गया तो उसने एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक अन्य नागरिक पर कार चढ़ा दी।