आगरालीक्स….आगरा में झुग्गी—झोंपड़ी के बाहर ‘नो मास्क—नो एंट्री’ का बोर्ड. बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर है प्रतिबंध…
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए आपने पॉश कॉलोनियों के बाहर बांस—बल्ली लगी देखी होगी. यहां बाहरी लोगों के आने पर प्रतिबंध भी लिखा देखा होगा लेकिन अगर यही चीज झुग्गी—झोपड़ी के बाहर आप देखेंगे तो आपको देखकर अच्छा लगेगा कि यहां के रहने वाले लोग भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हैं. जी हां! आगरा में इस समय कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं जिसमें झुग्गी झोंपड़ी के बाहर बांस बल्ली लगी हुई है और नो मास्क नो एंट्री लिखे बोर्ड भी. ये मामला है डीआईओएस कार्यालय के पीछे का. यहां खाली जमीन पर झुग्गी—झोपड़ी में करीब 45 परिवार कई सालों से रह रहे हैं. आगरा में कोरोना संक्रमण बढ़ा तो यहां के रहने वाले युवाओं ने भी कोरोना संक्रमण से रोकने को लेकर इसके बाहर बांस बल्ली लगा दी हैं और बाहरी लोगों के आने पर प्रतिबंध के बोर्ड. यही नहीं यहां के लोग किसी को भी बिना मास्क के प्रवेश नहीं करने देते. सभी लोग मास्क पहनते हैं और लगातार सेनेटाइजेशन भी करते हैं.