आगरालीक्स.. दीपावली तक वाणिज्य कर विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम
व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी ना करे, बिना सुबूत के कोई कार्रवाई ना की जाए। शुक्रवार को आगरा के सर्किट हाउस में उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों से कहा कि त्योहार का माहौल है, व्यापार पटरी पर लौट रहा है, बिना सुबूत किसी भी व्यापारी के छापेमारी कर डर का माहौल न बनाया जाए।
ट्रेडर्स एंड इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव विनय अग्रवाल ने बताया कि वाणिज्य कर विभाग ने हाल ही में एक मिठाई विक्रेता के यहां छापेमारी की, जबकि 11 महीने पहले भी उनके यहां छापा पड़ा था। वर्ष 2017-18 के वैट के तीन महीने के मामलों का वाणिज्य कर विभाग निस्तारण नहीं कर रहा और व्यापारियों का उत्पीडऩ कर रहा है। पुलिस व्यापारियों को झूठे आरोपों में गिरफ्तार कर दो-तीन दिन थाने में बैठकर उन पर वसूली का दबाव बना उत्पीडन करती है। लोहामंडी सराफा व्यवसायी और छत्ता थाने में एक व्यवसायी के मामले की जानकारी दी।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम को सरल बनाने की मांग
व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम को सरल बनाने की मांग की, जिससे व्यापारियों में से डर का माहौल खत्म हो। साथ ही व्यापारियों की लॉकडाउन अवधि की बैंक ब्याज माफ करने, स्कूल फीस कम से कम आधी किए जाने, बिजली बिल माफ करने के साथ व्यापारियों को बिना ब्याज ऋण दिए जाने की गई।