आगरालीक्स….अब ताजमहल की टिकट के लिए नहीं होना पडेगा परेशान. मोबाइल ऐप से बुक कीजिए ताजमहल का टिकट. अपना मोबाइल उठाइए और एएसआई के ऐप ‘मोन्यूमेंट्स आफ आगरा’ पर जाकर कीजिए टिकट बुक.
एएसआई ने तैयार किया ऐप
पर्यटकों की समस्या को ध्यान में रखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने ताजमहल की टिकट के लिए नया ऐप तैयार किया है. इस ऐप को नाम दिया गया है ‘मोन्यूमेंट्स आफ आगरा’. इस ऐप को अपने मोबाइल में प्ले स्टोर से डाउनलोड कर आप ताजमहल का टिकट बुक कर सकते हैं.
पर्यटक हो रहे परेशान
कोरोना महामारी के कारण करीब सात महीने बाद खुले ताजमहल का दीदार करने के लिए लोग पहले से ही बेताब थे. ताजमहल खुला लेकिन एक दिन में पांच हजार पर्यटकों को ही ताज के दीदार की अनुमति दी गई.
कोरोना काल में खुले स्मारकों में टिकट विंडो बंद हैं और केवल आनलाइन टिकट की बुकिंग हो रही है। एएसआई की वेबसाइट www.asiagracircle.in या asi payumoney से आप किसी भी स्मारक की टिकट बुक कर सकते हैं।
दोपहर तक बिक जाते हैं सारे टिकट
लोगों में ताजमहल की दीवानगी का आलम ये है कि दोपहर तक ही निर्धारित पांच हजार टिकट बिक जाते हैं. ऐसे में रोजाना काफी संख्या में पर्यटकों को बिना ताज का दीदार किए ही वापस मायूस होकर लौटना पड रहा था. लोग पहले से ही आॅनलाइन इसकी टिकट बुक कर लेते हैं जबकि जिन लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती उन्हें टिकट पूरे बिक जाने की बात बाद में मालूम पडती है. लेकिन अब मोबाइल ऐप से भी लोग सुबह ही ताजमहल का टिकट बुक कर सकते हैं.
स्मारकों की जानकारी भी देगा ऐप
आॅनलाइन टिकट के लिए बनाया गया यह ऐप लोगों को शहर के अन्य स्मारकों की भी जानकारी देगा. यही नहीं इसके जरिए आप अपने स्थान से ताजमहल का रूट भी पता कर सकते हैं. इसके अलावा अन्य कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी इस ऐप के जरिए मिल सकती हैं.