आगरालीक्स…(17 January 2022 Agra News) अब 12 से 14 साल के बच्चों को भी लगेगी वैक्सीन. इस महीने से शुरू हो सकता है वैक्सीनेशन
आगरा में कोरोनावायरस पर काबू पाने के लिए लगातार वैक्सीनेशन को तेज किया जा रहा है. इस बीच केंद्र सरकार के कोविड 19 वर्किंग ग्रुप के अध्यक्ष डॉक्टर एनके अरोड़ा ने ऐलान किया है कि भारत में अब 12 से 14 साल के बच्चों को भी वैक्सीन लगना शुरू हो सकता है. संभावना है कि मार्च में इस उम्र के बच्चों को वैक्सीनेशन शुरू किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि तब तक 15 से 18 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन पूरा होने की उम्मीद है. ऐसे में अगले चरण में बच्चों को टीका लगाए जाने की उम्मीद है.

15—18 आयु वर्ग का वैक्सीनेशन मार्च तो हो जाएगा पूरा
डॉ. एनके अरोड़ा ने बताया कि देश में इस समय 15 से 18 साल की उम्र के बच्चों को वैक्सीन लगाई जा रही है. देश में इस उम्र के करीब 7.5 करोड़ लोग हैं. इनमें से 3.45 करोड़ किशोरों को वैक्सीन लग चुकी है. किशोरों को कोवैक्सीन लगाई जा रही है इसलिए इसके 28 से 42 दिन के अंदर दूसरी डोज भी लग जाएगी. इस हिसाब से इस उम्र के किशोरों का टीकाकरण मार्च तक पूरा हो सकता है. इसके बाद 12 से 14 साल के बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी.