आगरालीक्स…अटल जी ने सिखाया हर पल जीने का नाम ही जिंदगी है. पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को यूं किया याद
बड़े दिन पर कोई बड़ा व्यक्ति ही जन्म लेता है। बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी अटल जी ने देश और दुनिया को सिखाया की हर पल जीने का नाम ही जिन्दगी है। पूर्व प्रधानमंत्री व भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ राजनीति में बिताए यादगार क्षणों को स्मरण करते हुए यह बात सांसद एसपी सिंह बघेल ने कही। मौका था कॉसमॉस मॉल में अटल जी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित अटल गीत गंगा 2020 कार्यक्रम के आयोजन का। जहां वक्ताओं ने अटल जी के राजनीतिक, सामाजिक व साहित्यिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व की छवि को साकार रूप प्रदान करने का प्रयास किया। कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ स्व. अटल जी की तस्वीर के समक्ष अतिथियों ने दीप जलाकर व माल्यार्पण कर किया। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने आगरा में आयोजित अटल की सभाओं के दौरान संस्मरणों को याद करते हुए कहा कि अटल जी की विनम्रता का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने सिखाया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति पार्टी का नहीं बल्कि देश का होता है। भाजपा शहर अध्यक्ष ने कहा कि अटल जी के जीवन का हर क्षण राष्ट्र, जनमानस और संगठन के लिए समर्पित था। डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि हमें परमाणु शक्ति बनाने वाले अटल जी की कविताएं आज भी हमारा मार्गदर्शन करती हैं। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजक अशोक चौबे ने पीत वस्त्र पहनाकर किया। संचालन मधुकर चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से मेयर नवीन जैन, राम सकल गुर्जर, अंजुला सिंह माहौर, इंद्रजीत आर्य, निर्मला दीक्षित, प्रभुदयाल कठेरिया, संजय तोमर, रश्मि सिंह, बबिता चौहान, जितेन्द्र चौहान, बबलू चौधरी, संजीव यादव, हेमेन्द्र शर्मा, बसंत गुप्ता आदि उपस्थित थे।